चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने राज्य के एक हाईवे साइनबोर्ड पर तमिल और अंग्रेजी के अलावा हिंदी में शहरों के नाम लिखे जाने के मामले में दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सरकार के मुताबिक, यह राज्य की आधिकारिक दो-भाषा नीति का उल्लंघन है।
मामला तूतीकोरिन जिले के सतनकुलम-नाजरेथ स्टेट हाईवे (SH-93) का है। हाल ही में लगाए गए एक साइनबोर्ड पर तमिल और अंग्रेजी के साथ शहरों के नाम हिंदी में भी लिखे गए थे।
सरकार को इसकी जानकारी मिलने के बाद साइनबोर्ड से हिंदी में लिखे शब्दों को हटा दिया गया। वहीं, हाईवे विभाग में सहायक अभियंता के पद पर तैनात दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
दो-भाषा नीति के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि राज्य की तमिल और अंग्रेजी की दो-भाषा नीति का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने संबंधित विभागों को इस तरह के मामलों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश भी दिए हैं।



