Share Market Update News : मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईटी शेयरों में मजबूत खरीदारी के चलते घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 828 अंक उछलकर 77,569 पर और निफ्टी 244 अंक चढ़कर 24,206 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और टीसीएस के बेहतर तिमाही नतीजों ने बाजार को मजबूती दी। विश्लेषकों के मुताबिक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के जून तिमाही के बेहतर नतीजों के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में आई तेजी से भी बाजार को मजबूती मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 827.57 अंक यानी 1.08 प्रतिशत उछलकर 77,569.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 900.41 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 77,642.23 अंक तक पहुंच गया था।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 244.10 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,206.90 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और इन्फोसिस के शेयर प्रमुख रूप से बढ़त के साथ बंद हुए। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस का शेयर करीब एक प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी तरफ, इटर्नल (जोमैटो और ब्लिंकिट का संचालन करने वाली), भारती एयरटेल, सन फार्मा और ट्रेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘बाजार में सकारात्मक रुख तिमाही नतीजों के सत्र की स्थिर शुरुआत से प्रेरित रहा। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी और रुपये में स्थिरता ने भी निवेशकों के भरोसे को समर्थन दिया। हालांकि, बाजार प्रतिभागियों की नजर भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक बाजारों के प्रदर्शन पर टिकी हुई है।’ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत गिरकर 76.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.74 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 1.03 प्रतिशत की तेजी रही।

चौतरफा तेजी के बीच सभी क्षेत्रवार सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। रियल्टी खंड में सर्वाधिक 3.40 प्रतिशत की तेजी रही जबकि पीएसयू बैंक खंड में 3.26 प्रतिशत, फोकस आईटी खंड में 2.29 प्रतिशत और धातु खंड में 1.55 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,883 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 1,377 शेयरों में गिरावट रही और 174 अन्य अपरिवर्तित रहे। हालांकि साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 194.25 अंक यानी 0.25 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 63.95 अंक यानी 0.26 प्रतिशत के नुकसान में रहा। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘टीसीएस के उम्मीद से बेहतर नतीजों ने आईटी क्षेत्र को लेकर धारणा बदलने का काम किया है। बैंक, रियल्टी, धातु, तेल एवं गैस और रक्षा शेयरों में लिवाली से तेजी को समर्थन मिला।’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 532.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहा। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जबकि अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 238.22 अंक चढ़कर 76,741.82 अंक और निफ्टी 80.75 अंक बढ़कर 23,962.80 अंक पर बंद हुआ था।



