Share Market Update News : मुंबई। कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर बेहतर होती वैश्विक धारणा के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों और निवेशकों की मजबूत खरीदारी के दम पर सेंसेक्स ने 1,074 अंकों की जोरदार छलांग लगाई, जबकि निफ्टी फिफ्टी 312 अंक चढ़कर 24 हजार के पार बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,073.61 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,488.96 अंक पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के दौरान यह 76,559.07 अंक तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई निफ्टी 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत मजबूत होकर 24,031.70 अंक पर बंद हुआ।
इन शेयरों में आई तूफानी तेजी
सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, इटर्नल, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट देखी गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.52 प्रतिशत टूटकर 97.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सतर्क रुख अपना रहे हैं और किसी भी खराब समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे।

इस वजह से आई तेजी
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों के चलते बाजार में तेजी रही। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में प्रगति की खबरों से वैश्विक धारणा में सुधार हुआ है। हालांकि, घटनाक्रम में लगातार बदलाव को देखते हुए स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया और हांगकांग में अवकाश के कारण बाजार बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,440.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बीते सप्ताह शुक्रवार को 231.99 अंक बढ़कर 75,415.35 अंक पर, जबकि निफ्टी 64.60 अंक की तेजी के साथ 23,719.30 अंक पर रहा था।



