Congress Vs BJP: बीजेपी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर सोमवार को तीखी प्रतिक्रिया दी. बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को भस्मासुर करार देते हुए देश को कमजोर करने और अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस का पतन तय है.
राहुल गांधी ने क्या कहा था ?
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है. उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें सरकार के एक साल के भीतर गिरने की बात कही गई थी. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा सरकार ‘अंगद के पांव’ की तरह मजबूत है, जिसे ‘100 राहुल गांधी भी नहीं हिला सकते’. उन्होंने कांग्रेस नेता को “अपरिपक्व” और “अराजक” बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता लगातार देश की छवि और मनोबल को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं.
‘देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और जनता मोदी सरकार पर भरोसा जता रही’
गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा, ‘राहुल गांधी, अगर आपका उद्देश्य अराजकता फैलाना है, तो हमारा संकल्प भारत को और मजबूत बनाना है.’ उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, लेकिन भारत में अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों की तुलना में कीमतों में बढ़ोतरी अपेक्षाकृत कम रही है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस वैश्विक आर्थिक चुनौती का प्रभावी तरीके से सामना कर रहा है. उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और जनता मोदी सरकार पर भरोसा जता रही है.
गौरतलब है कि सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 2.61 रुपये और 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं.



