Friday, July 24, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessपश्चिम एशिया तनाव और अमेरिकी शुल्क चिंता से शेयर बाजार लगातार पांचवें...

पश्चिम एशिया तनाव और अमेरिकी शुल्क चिंता से शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन टूटा, सेंसेक्स 332 अंक लुढ़का

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, अमेरिकी व्यापार शुल्क की चिंताओं और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 332 अंक और निफ्टी 102 अंक टूटे। कमजोर वैश्विक संकेतों और एचडीएफसी बैंक समेत कई शेयरों में बिकवाली से बाजार दबाव में रहा।

Stock Market Crash : मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका के नए व्यापार शुल्क से उपजी चिंताओं के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 332 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 102 अंक नुकसान में रहा। विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल के दाम में मजबूती कायम रहने, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बिकवाली से धारणा नकारात्मक रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 916.96 अंक यानी 1.20 प्रतिशत लुढ़ककर 75,474.43 तक गिर गया था।

इन कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘घरेलू बाजार में कारोबार उतार-चढ़ाव से भरा रहा और लगातार पांचवें दिन गिरकर बंद हुआ। कुछ बड़ी कंपनियों के नतीजे अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहने और वैश्विक तनाव से जुड़ी चिंताओं के कारण निवेशक धारणा कमजोर रही। इसमें कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भी अहम भूमिका निभाई।’

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.66 प्रतिशत गिरकर 96.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि पिछले सत्र में यह 100 डॉलर के पार चला गया था। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.46 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.08 प्रतिशत की मामूली तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में वाहन खंड में 0.96 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 0.90 प्रतिशत और बिजली खंड में 0.67 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि फोकस आईटी खंड में 1.30 प्रतिशत और पीएसयू बैंक खंड में 0.65 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

गिरावट के साथ बंद हुए एशियाई बाजार

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुदी आर ने कहा, ‘भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट में रहा, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिकी शुल्क की चिंताओं से निवेशक सतर्क रहे। एशियाई बाजारों की कमजोरी से भी घरेलू स्तर पर बिकवाली का दबाव बढ़ा।’ पिछले पांच कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स में कुल 2,091.68 अंक यानी 2.67 प्रतिशत की गिरावट देखी गई जबकि एनएसई निफ्टी 566.85 अंक यानी 2.32 प्रतिशत टूट गया। एशिया के अन्य बाजारों में भी बड़ी गिरावट देखी गई। दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी 5.72 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक भी नुकसान में रहे।

यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 363.66 अंक टूटकर 76,391.39 अंक और निफ्टी 126.65 अंक घटकर 23,869.60 अंक पर बंद हुए थे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image