Thursday, April 30, 2026
HomeLatest NewsRaja Raghuvanshi Murder Case : भाई बोला- सोनम को उसके हाल पर...

Raja Raghuvanshi Murder Case : भाई बोला- सोनम को उसके हाल पर छोड़ा, राजा रघुवंशी के परिवार ने जताया जान का खतरा

मेघालय हनीमून हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद उसके भाई गोविंद ने कहा कि परिवार ने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है और कोई कानूनी मदद नहीं देगा। सोनम को अदालत की अनुमति के बिना क्षेत्र छोड़ने की इजाजत नहीं है। वहीं, मृतक राजा रघुवंशी के परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और सोनम के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Raja Raghuvanshi Murder Case : इंदौर। मेघालय के चर्चित हनीमून हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuvanshi) को लेकर उसके बड़े भाई गोविंद रघुवंशी (Govind Raghuvanshi) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि परिवार ने इस मामले की मुख्य आरोपी सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है और उसकी कानूनी मदद के लिए कोई वकील भी नियुक्त नहीं किया गया है। गोविंद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईस्ट खासी हिल्स की अदालत से सोनम को जमानत मिलने के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव खुलकर सामने आ गया है। सोनम की रिहाई के बाद मृतक राजा रघुवंशी के परिवार ने भी मायके पक्ष पर तीखे आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है।

सोनम की जमानत याचिका के बारे में कोई जानकारी नहीं : गोविंद

गोविंद ने कहा, सोनम की जमानत याचिका के बारे में मुझे कोई भी जानकारी नहीं थी। उसे जमानत मिलने की खबर मुझे मीडिया से हासिल हुई। मैंने अपनी बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है। बहरहाल, सोनम को जमानत मिलने के बाद जेल से उसकी रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी शिलांग में नजर आए थे। इस बारे में पूछे जाने पर गोविंद ने दावा किया कि उनके पिता ‘अदालत के आदेश’ पर शिलांग पहुंचे थे और वहां से लौट गए हैं। उन्होंने कहा, हमने सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है। गोविंद ने कहा कि उनके परिवार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे।

सोनम को मिली जमानत की शर्तों में यह बात भी शामिल है कि वह ईस्ट खासी हिल्स की अदालत की उचित अनुमति के बिना इस क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी। सोनम को जमानत मिलने के बाद राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने कहा कि हत्याकांड की मुख्य आरोपी और उसके साथियों से उन्हें जान का खतरा है। विपिन ने सोनम के परिवार पर झूठ बोलने और विश्वासघात का आरोप भी लगाया है।

उधर, गोविंद ने कहा कि वह विपिन के इन आरोपों पर ‘नि:शब्द’ हैं और ‘राजा का परिवार अपने हित में किसी भी कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने के लिए स्वतंत्र है।’ राजा रघुवंशी हत्याकांड नाटकीयता से भरे कई भावनात्मक घटनाक्रमों का गवाह रहा है। इस मामले में सोनम की गिरफ्तारी के बाद गोविंद 11 जून 2025 को अचानक राजा के घर पहुंच गए थे और अपने दिवंगत जीजा की मां से लिपटकर फूट-फूटकर रोए थे। गोविंद ने तब दावा किया था कि उनके परिवार ने सोनम से सारे संबंध तोड़ लिए हैं और अपनी छोटी बहन को अदालत से ‘फांसी की सजा’ दिलाने के लिए वह राजा रघुवंशी के परिवार की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अपने पति राजा रघुवंशी की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से नौ जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत मिलने से पहले, 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद रही। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और नवविवाहित जोड़ा 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुआ था।हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हुए राजा रघुवंशी का शव दो जून को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (चेरापूंजी) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम के साथ ही उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner