Wednesday, May 20, 2026
HomeLatest Newsकच्चे तेल की मार और विदेशी निवेशकों की बिकवाली, बाजार में हाहाकार,...

कच्चे तेल की मार और विदेशी निवेशकों की बिकवाली, बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों में बड़ी गिरावट दर्ज

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, कमजोर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण गुरुवार को शेयर बाजार गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स 583 अंक टूटकर 76,913 पर और निफ्टी 180 अंक गिरकर 23,997 पर आ गया। धातु, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में गिरावट रही, जबकि आईटी और फार्मा में सीमित खरीदारी दिखी। वैश्विक बाजारों की कमजोरी और महंगाई की चिंता से निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ।

Share Market Update News : मुंबई। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, कमजोर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के दबाव में गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद सेंसेक्स करीब 583 अंक टूटकर 76,913.50 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 180 अंक फिसलकर 23,997.55 के स्तर पर आ गया। कारोबार के दौरान बाजार में एक समय तेज गिरावट देखने को मिली, जब सेंसेक्स 1,200 अंकों से ज्यादा लुढ़क गया था। हालांकि, बाद में कुछ खरीदारी लौटने से बाजार ने निचले स्तरों से हल्की रिकवरी दर्ज की, लेकिन फिर भी दिन के अंत तक दबाव बना रहा।

इन कंपनियों के शेयरों में भयंकर गिरावट

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 116.2 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘शुरुआत में घबराहट भरी बिकवाली के बाद बाजार में सुधार देखने को मिला। हालांकि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग एक प्रतिशत से अधिक टूटकर बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है और इससे वैश्विक बाजारों पर दबाव पड़ा है।’ नायर ने कहा कि घरेलू स्तर पर वाहन, बैंक, धातु और रियल एस्टेट शेयरों में गिरावट रही, जबकि आईटी और दवा कंपनियों में चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 609.45 अंक बढ़कर 77,496.36 अंक और एनएसई निफ्टी 181.95 अंक चढ़कर 24,177.65 अंक पर बंद हुए थे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular