जयपुर। जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब सात साल पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई और सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश का मास्टरमाइंड अनीश गोल्या उर्फ जग्गू था, जिसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय की हत्या की योजना बनाई थी।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस ने अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू, युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी निवासी जोबनेर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त की गई है।
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या हुई थी। विजय बाजिया पर इस हत्याकांड में शामिल होने का आरोप था और वह इस मामले में जेल भी गया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश शुरू हो गई थी। पुलिस का कहना है कि अनीश ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पहले खरीदी कुल्हाड़ी, फिर कैंपर से मारी टक्कर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाले दिन विजय और अनीश के बीच बहस भी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने विजय को निशाना बनाने की योजना को अंजाम दिया। उन्होंने पहले कुल्हाड़ी खरीदी और फिर कैंपर गाड़ी से विजय की कार का पीछा किया।
विजय अपनी कार से कालवाड़ रोड की तरफ जा रहा था। उसने हमलावरों से बचने के लिए रावण गेट की तरफ गाड़ी दौड़ाई, लेकिन कैंपर सवार बदमाशों ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई और विजय बाहर निकलकर भागने लगा।
यह खबर भी पढ़ें:-KDA ने खाली जमीन को कागजों में दिखाया आबाद, 4 साल बाद भी नहीं बने मकान
पीछा कर घेरा, धारदार हथियारों से किया हमला
कार से उतरकर भागे विजय का आरोपियों ने पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे घेर लिया। इसके बाद उस पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल विजय को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या सहित 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।



