जयपुर। राजधानी में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने और लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का बानीपार्क थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का सौदा कर परिवादी से कुल 69 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त किए थे।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस ने रिंकू देवी, रामस्वरूप वर्मा, पप्पू राम वर्मा और अरविंद सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त सदर के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुरेश यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन का किया सौदा
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को परिवादी माधोसिंह कविया निवासी विद्याधर नगर, जयपुर ने इस्तगासे के जरिए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि ग्राम फुलेरा, तहसील फुलेरा स्थित जमीन के संबंध में आरोपियों ने उससे संपर्क किया था। आरोपियों ने जमीन का मालिकाना हक अपने पास बताते हुए बिक्री का सौदा किया और इसके बदले कुल 69 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त कर लिए।
आरोपियों ने परिवादी के पक्ष में बिक्री पत्र का पंजीयन करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में रजिस्ट्री नहीं करवाई। जब परिवादी ने मामले की जांच-पड़ताल की तो सामने आया कि जिन लोगों को जमीन का मालिक बताकर उससे संपर्क करवाया गया था, उनका वास्तविक जमीन से कोई संबंध नहीं था।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड का खुलासा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाई 7007 गैंग
फर्जी आधार कार्ड बनाकर किया प्रतिरूपण
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आपसी साजिश के तहत फर्जी आधार कार्ड तैयार किए। आरोपी रिंकू देवी ने जमीन की वास्तविक खातेदार नर्मदा देवी की पुत्रवधू के रूप में अपनी पहचान दर्शाई। इसके साथ ही अन्य आरोपियों ने भी अलग-अलग नामों से खुद को जमीन का मालिक और खातेदार बताकर परिवादी के साथ धोखाधड़ी की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 16 अप्रैल 2024 को जमीन का 81 लाख 69 हजार 596 रुपए में सौदा तय किया था। इस सौदे के बदले परिवादी से अलग-अलग समय पर कुल 69 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त किए गए।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में कानून व्यवस्था पर खाचरियावास का हमला, बोले- अपराधियों का राज चल रहा है, मुख्यमंत्री जवाब दें
ये चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में रिंकू देवी (30), निवासी सांभर, रामस्वरूप वर्मा (55), निवासी रेनवाल क्षेत्र, पप्पू राम वर्मा (38), निवासी फुलेरा क्षेत्र और अरविंद सिंह (35), निवासी फुलेरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए अन्य जमीनों के सौदे या ठगी की वारदातों को तो अंजाम नहीं दिया।



