जयपुर। जयपुर के करधनी इलाके में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की दिनदहाड़े हत्या को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अपने निवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्थान में कानून का नहीं, बल्कि अपराधियों का राज चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर जवाब मांगा।
खाचरियावास ने कहा कि दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधी वारदात को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जाते हैं। अपराधियों में पुलिस और कानून का डर नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
गृह मंत्री की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री के पास, फिर अपराध क्यों नहीं रुक रहे?
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, इसके बावजूद प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर अपराधियों को खुली छूट किसने दे रखी है और क्या पुलिस प्रशासन उनके सामने बेबस हो गया है?
खाचरियावास ने जेलों में मोबाइल फोन मिलने, अपराधियों के वीडियो वायरल होने और प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी व फायरिंग जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की सुरक्षा के बजाय प्रचार और सत्ता के अहंकार में व्यस्त है।
थानों में फरियादियों के साथ बदसलूकी का लगाया आरोप
खाचरियावास ने पुलिस थानों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह आम आदमी जब शिकायत लेकर थाने पहुंचता है तो उसकी बात सुनने के बजाय उसे डराया-धमकाया जाता है। पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक को थाने में ही सम्मान और न्याय नहीं मिलेगा तो वह सुरक्षा की उम्मीद किससे करेगा?
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड का खुलासा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाई 7007 गैंग
करधनी हत्याकांड में न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से करधनी हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से काम नहीं चलेगा, सरकार को प्रदेश की जनता के सामने जवाब देना होगा।
खाचरियावास ने कहा कि जनता ने भाजपा को सरकार चलाने की जिम्मेदारी दी है, अपराधियों को खुली छूट देने का लाइसेंस नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी जिम्मेदारी समझने और प्रदेश में लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।



