नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल मंगलवार को 27 साल के हो गए। बेहद कम उम्र में गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है। 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप के स्टार से लेकर भारतीय टीम की कप्तानी तक का उनका सफर रिकॉर्ड्स से भरा रहा है।
गिल का जन्म 8 सितंबर 1999 को पंजाब के फाजिल्का जिले में हुआ था। अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने सीनियर टीम में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2020-21 टेस्ट सीरीज में उनके प्रदर्शन ने उन्हें बड़े मंच पर पहचान दिलाई। गाबा टेस्ट में 91 रनों की पारी ने उनकी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
वनडे में रफ्तार का रिकॉर्ड
गिल वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से 1,000, 2,000 और 3,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने 1,000 रन 19 पारियों, 2,000 रन 38 पारियों और 3,000 रन 62 पारियों में पूरे किए। 2,000 वनडे रन तक पहुंचने का 38 पारियों वाला रिकॉर्ड दुनिया में भी सबसे तेज है।
जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ गिल ने सिर्फ 149 गेंदों पर नाबाद 208 रन बनाए थे। उस पारी के साथ वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने।
IPL में भी बनाया खास मुकाम
गिल ने आईपीएल में भी कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। 2023 में गुजरात टाइटंस की ओर से मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में उन्होंने सिर्फ 60 गेंदों पर 129 रन बनाए, जो आईपीएल प्लेऑफ का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 2026 सीजन में वह आईपीएल इतिहास में 4,000 रन पूरे करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बने।
कप्तानी में भी रचा इतिहास
टेस्ट कप्तान बनने के बाद गिल का प्रदर्शन और भी खास रहा। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल थे। इसी सीरीज के एडबस्टन टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। एक टेस्ट मैच में किसी भारतीय बल्लेबाज का यह सबसे बड़ा कुल स्कोर है, यानी 430 रन।
उसी मुकाबले में गिल की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 336 रन से हराया। यह विदेश में किसी भारतीय कप्तान की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी टेस्ट जीत रही। इंग्लैंड सीरीज में चार शतक लगाने के साथ गिल डेब्यू टेस्ट सीरीज के कप्तान के रूप में चार शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने।
रिकॉर्ड्स की लंबी लिस्ट
गिल टेस्ट और वनडे दोनों में दोहरे शतक लगाने वाले चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं। वह एक साल में टेस्ट कप्तान के रूप में पांच शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2023 में बनाए गए 360 रन भी किसी भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड हैं।
27 साल की उम्र तक गिल ने खुद को सिर्फ शानदार बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के कप्तान के रूप में भी स्थापित कर लिया है। अब उनकी नजर 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर होगी, जहां टीम इंडिया की अगुवाई की बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर रहने वाली है।



