Thursday, April 30, 2026
HomeLatest Newsमहाराष्ट्र परिषद चुनाव में शिवसेना का बड़ा दांव, नीलम गोरे और बच्चू...

महाराष्ट्र परिषद चुनाव में शिवसेना का बड़ा दांव, नीलम गोरे और बच्चू कडू को टिकट, शिंदे बोले अनुभव के आधार पर लिया फैसला

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए शिवसेना ने डॉ. नीलम गोरे और बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया है। गोरे का कार्यकाल 13 मई को खत्म हो रहा है, जबकि कडू हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दोनों के अनुभव को देखते हुए यह फैसला बताया। 12 मई को मतदान होगा। भाजपा ने भी कई उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि विपक्षी महा विकास आघाड़ी सीमित सीटों पर मुकाबले में है।

Maharashtra Legislative Council Elections : मुंबई। महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद चुनाव से पहले सत्तारूढ़ शिवसेना ने बड़ा दांव खेलते हुए डॉ. नीलम गोरे और बच्चू कडू को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। गुरुवार को पार्टी ने इन दोनों नामों का ऐलान किया। डॉ. नीलम गोरे फिलहाल विधान परिषद की उपसभापति हैं और उनका कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है। वहीं, प्रहार जनशक्ति पक्ष के प्रमुख रहे बच्चू कडू ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना का दामन थामा। पार्टी में शामिल होते ही उन्हें परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बना दिया गया, जिससे महाराष्ट्र की सियासत में हलचल और तेज हो गई है।

शिवसेना ने नीलम गोरे और बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया

शिंदे ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी ने गोरे और कडू को जन सेवा के उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा, डॉ. गोरे और बच्चू कडू दोनों के पास सामाजिक कार्य का व्यापक अनुभव है और वे लगातार जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं। इसलिए हमने उन्हें शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है। शिवसेना (उबाठा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित नौ विधान पार्षद 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इन नौ सीटों और एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 12 मई को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय सीमा बृहस्पतिवार दोपहर तक है।

कडू ने 1999 में तत्कालीन अविभाजित शिवसेना छोड़ दी थी और विदर्भ क्षेत्र के अमरावती जिले में पीजेपी की स्थापना की थी। उन्होंने चार बार विधानसभा चुनाव जीता, लेकिन 2024 के चुनाव में हार गए। कडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका राजनीतिक सफर शिवसेना से ही शुरू हुआ था इसलिए उनकी वापसी को नया नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, मैं पार्टी के लिए नया नहीं हूं, बल्कि एक अंतराल के बाद वापस लौटा हूं।

शिवसेना की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने परिषद चुनाव के लिए प्रमोद जठार, सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे और विवेक बिपिन दादा कोल्हे को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, कांग्रेस विधान पार्षद के रूप में इस्तीफा देने के कारण खाली हुई एक सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रज्ञा राजीव सातव को मैदान में उतारा है। विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन केवल एक सीट जीतने की स्थिति में है। शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने बुधवार को कहा कि अंबादास दानवे उनकी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner