Wednesday, July 29, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessStock Market Today: सेंसेक्स 889 अंक उछला, निफ्टी 24,250 के पार, IT...

Stock Market Today: सेंसेक्स 889 अंक उछला, निफ्टी 24,250 के पार, IT शेयरों-FII खरीदारी से बाजार में शानदार तेजी

विदेशी निवेशकों की खरीदारी, आईटी शेयरों और एचडीएफसी बैंक में मजबूत लिवाली से शेयर बाजार में जोरदार तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 889 अंक चढ़कर 77,654.60 और निफ्टी 265 अंक बढ़कर 24,250.20 पर बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनिलीवर और इन्फोसिस सबसे बड़े गेनर रहे।

Share Market Update News : मुंबई। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा खरीदारी, आईटी कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मजबूत लिवाली से बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में शानदार तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 888.68 अंक (1.16%) उछलकर 77,654.60 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 264.85 अंक (1.10%) चढ़कर 24,250.20 पर पहुंच गया। बाजार की तेजी से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 999.57 अंक चढ़कर 77,765.49 अंक तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयर पर आधारित निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में आई जबरदस्त तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 4.70 प्रतिशत चढ़ा जबकि इन्फोसिस में 4.50 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 3.19 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एनटीपीसी के शेयर में भी गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 755.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे बाजार धारणा को मजबूती मिली।

विदेशी निवेशकों ने बढ़ाया बाजार का भरोसा

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आज आने वाले नीतिगत फैसले से पहले भारतीय बाजार घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत बुनियाद, बेहतर कॉरपोरेट नतीजों, सूचना प्रौद्योगिकी शेयरों में लगातार खरीदारी और रुपये में मजबूती के साथ बढ़त में रहे। यह तेजी एशियाई बाजारों में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े प्रौद्योगिकी शेयरों में बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच आई है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.79 प्रतिशत बढ़कर 87.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.18 प्रतिशत उछला जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.27 प्रतिशत लाभ में रहा। क्षेत्रवार देखा जाए तो सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के शेयर में सबसे अधिक 2.40 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा धातु क्षेत्र में 2.26 प्रतिशत, दूरसंचार में 1.70 प्रतिशत, जिंस में 1.40 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा में 1.26 प्रतिशत, शीर्ष 10 बैंकों में एक प्रतिशत और वित्तीय सेवाओं में 0.88 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं, वाहन, बीमा, तेल एवं गैस, बिजली, रियल्टी और सेवा क्षेत्र सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई।

कच्चे तेल की कीमत में तेजी के बावजूद शेयर बाजार में तेजी

बीएसई में सूचीबद्ध कुल शेयर में से 2,593 शेयर में तेजी रही जबकि 1,652 शेयर में गिरावट रही। वहीं 179 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। इक्विरस वेल्थ के प्रबंध निदेशक एवं व्यापार प्रमुख अंकुर पुंज ने कहा कि कच्चे तेल की कीमत में तेजी के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों ने कई वैश्विक सूचकांकों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। पारंपरिक आईटी शेयरों को लेकर निवेशकों के बढ़े भरोसे से बाजार को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि निफ्टी आईटी सूचकांक इस महीने अब तक 17 प्रतिशत से अधिक चढ़ चुका है। प्रमुख आईटी कंपनियों के चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे अनुमान के अनुरूप रहने से निवेशकों का विश्वास फिर मजबूत हुआ है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.98 प्रतिशत टूटा जबकि जापान का निक्की भी गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट रही। वहीं अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स मंगलवार को 69.86 अंक और निफ्टी 10.60 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image