Tuesday, April 28, 2026
HomeLatest Newsअजित पवार विमान हादसे में नया खुलासा, रोहित पवार ने बाबा अशोक...

अजित पवार विमान हादसे में नया खुलासा, रोहित पवार ने बाबा अशोक खरात पर उठाए गंभीर सवाल, सीआईडी जांच की मांग तेज

रोहित पवार ने नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात पर पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना से कथित संबंध होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सी आईडी से खरात से पूछताछ की मांग करते हुए कुछ सबूत भी सौंपने का दावा किया। रोहित पवार ने तांत्रिक अनुष्ठानों और संदिग्ध लेन-देन का जिक्र करते हुए जांच तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना को तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन जांच की गति धीमी है। वहीं, खरात पहले से ही यौन शोषण और धोखाधड़ी के आरोपों में गिरफ्तार है।

Ashok Kharat Controversy : पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार (Rohit Pawar) ने एक सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात (Ashok Kharat) का उनके चाचा और महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) से जुड़े घातक विमान हादसे से प्रारंभिक रूप से संबंध हो सकता है। मंगलवार को दिए बयान में रोहित पवार ने अपराध जांच विभाग (सीआईडी) से मांग की कि इस मामले में अशोक खरात से गहन पूछताछ की जाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ शुरुआती संकेत इस दिशा में इशारा करते हैं, इसलिए निष्पक्ष और तेज जांच जरूरी है।

अजित पवार विमान हादसे में नया मोड़, रोहित पवार के आरोपों से बढ़ा विवाद

विमान दुर्घटना की जांच की स्थिति का जायजा लेने के लिए पुणे में सीआईडी ​​कार्यालय का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि बारामती में एक छोटे नेता के माध्यम से दिवंगत अजित पवार के घर के बाहर कुछ तांत्रिक अनुष्ठान किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया, अजित दादा के घर के पास एक बकरी लटकी हुई मिली थी। खरात ने एक किसान से कहा था कि पवार परिवार पर निकट भविष्य में हमला हो सकता है। बारामती का एक छोटा नेता अनुष्ठानों के लिए खरात के यहां जाया करता था और अजित दादा के करीबी नेताओं के संपर्क में था। उन्होंने पूछा, सत्ताईस और 28 जनवरी को खरात के खाते में लेन-देन में अचानक इतनी बढ़ोतरी क्यों हुई?

जांच में देरी से नाराज रोहित पवार ने सवाल उठाए

खरात को मार्च में कई महिलाओं का यौन शोषण करने और लोगों को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रोहित पवार ने कहा, खरात की संलिप्तता अजित पवार की दुर्घटना से जुड़ी हुई प्रतीत होती है और सीआईडी ​​को उसकी जांच करनी चाहिए। खरात ने ब्लैकमेल के लिए कुछ वीडियो जमा कर रखे थे, जबकि आम महिलाओं के वीडियो क्लिप सामने आए हैं। सीआईडी ​​जांच की स्थिति के बारे में रोहित पवार ने कहा कि उन्होंने विमान दुर्घटना के संबंध में “कुछ सबूत” प्रस्तुत करने के लिए कार्यालय का दौरा किया था। उन्होंने कहा, ‘‘उस भयानक विमान दुर्घटना को तीन महीने हो गए हैं। पहली बार जब हम आए थे, सुनील रामानन्द (एडीजी, सीआईडी) मौजूद थे। दूसरी बार कुछ अन्य अधिकारी मौजूद थे। आज प्रमुख अधिकारी उपस्थित नहीं थे; वह एक क्रिकेट मैच के लिए मुंबई गए थे।’’

वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित एक लीयरजेट45 विमान 28 जनवरी की सुबह मुंबई से बारामती जाते समय बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। रोहित पवार ने हादसे के कुछ हफ्तों बाद पिछले महीने बेंगलुरु में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173(1) के तहत “शून्य” प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उचित जांच के बजाय, वे (सीआईडी ​​अधिकारी) पूछताछ करने की बात कर रहे हैं।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular