Saif Ali Khan News : मुंबई। 21 साल की उम्र, करियर की अनिश्चित शुरुआत और दिल में प्यार… सैफ अली खान ने उस दौर में ऐसा फैसला लिया था, जिसे लेकर पूरी इंडस्ट्री हैरान थी। जहां बॉलीवुड में हीरो की “सिंगल” इमेज को सबसे बड़ा हथियार माना जाता था, वहीं सैफ ने अपने रिश्ते को दुनिया से छिपाने से साफ इनकार कर दिया था। अब सालों बाद अभिनेता ने खुलासा किया है कि एक सीनियर स्टार ने उन्हें अमृता सिंह संग अपनी शादी छिपाने की सलाह दी थी क्योंकि इससे उनकी इमेज और फैन फॉलोइंग पर असर पड़ सकता था। लेकिन सैफ को ये सलाह इतनी अजीब लगी कि आज भी वह उसे भूल नहीं पाए हैं। दरअसल, सैफ अली खान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपने शुरुआती संघर्षों, करियर के डर और निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अमृता सिंह से शादी की थी, तब वह बॉलीवुड में नए थे और उनका करियर शुरू भी ठीक से नहीं हुआ था।

जब सैफ को कहा गया- शादी छिपाकर रखो
सैफ ने याद करते हुए कहा, “मुझे याद है कि एक सीनियर एक्टर, जो अलग पीढ़ी से थे, उन्होंने मुझसे कहा था कि किसी को मत बताना कि तुम शादीशुदा हो। मुझे नहीं पता उन्होंने ऐसा क्यों कहा। शायद उनका मतलब था कि इससे मेरी इमेज और ‘फैन फॉलोइंग’ खराब हो जाएगी। ये मेरी जिंदगी की सबसे अजीब और बेकार सलाह थी।” आज के दौर में जहां सितारे अपनी रिलेशनशिप सोशल मीडिया पर खुलकर दिखाते हैं, वहीं 90 के दशक में चीजें बिल्कुल अलग थीं। उस समय कई प्रोड्यूसर्स और स्टार्स मानते थे कि अगर किसी हीरो की शादी की खबर बाहर आ जाए तो उसकी ‘महिला फैन फॉलोइंग’ कम हो सकती है। यही वजह थी कि कई सितारों ने लंबे समय तक अपनी शादी छिपाकर रखी। हालांकि सैफ ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उस वक्त उनका करियर भी मुश्किल दौर से गुजर रहा था। उन्होंने 1991 में फिल्म बेखुदी की शूटिंग शुरू की थी, जो उनका बॉलीवुड डेब्यू बनने वाली थी। लेकिन फिल्म के पहले शेड्यूल के बाद ही उन्हें रिप्लेस कर दिया गया। ऐसे कठिन समय में भी सैफ ने अपने रिश्ते को छिपाने की बजाय खुलकर स्वीकार किया।

‘जूते मारेंगे लोग…’
इसी इंटरव्यू में सैफ ने अपने शुरुआती डर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक निर्देशक ने उनसे कहा था कि लोग उन्हें देखकर हंसेंगे और शायद “जोते मारेंगे”। सैफ ने कहा, “जब मैंने काम शुरू किया था तो मेरी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा यही थी कि लोग मुझ पर हंसें नहीं। एक निर्देशक ने मुझसे कहा था कि लोग जूते मारेंगे, चंदन थिएटर में फिल्म लगेगी तो लोग हंसेंगे, नफरत करेंगे और मैं काम से बाहर हो जाऊंगा।” उन्होंने आगे कहा कि शुरुआती दौर में हर नया अभिनेता यही चाहता है कि वह स्क्रीन पर “हास्यास्पद” न लगे। बाद में स्टार बनने की चाहत आती है, लेकिन शुरुआत में सबसे बड़ा डर मजाक बनने का होता है।
दिलचस्प बात यह है कि तमाम असफलताओं और डर के बावजूद सैफ ने खुद को संभाला। यश चोपड़ा की फिल्म Parampara से उन्होंने 1993 में बॉलीवुड डेब्यू किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली।
अमृता सिंह और सैफ की लव स्टोरी
सैफ और अमृता की मुलाकात बेखुदी के सेट पर ही हुई थी। उस समय अमृता सिंह इंडस्ट्री की बड़ी स्टार थीं, जबकि सैफ बिल्कुल नए थे। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। उम्र का 12 साल का अंतर भी उनके रिश्ते के बीच नहीं आया। 1991 में दोनों ने शादी कर ली। उस वक्त सैफ सिर्फ 21 साल के थे जबकि अमृता 33 साल की थीं। उनकी शादी उस दौर की सबसे चर्चित शादियों में गिनी गई थी। दोनों के दो बच्चे हुए— सारा अली खान और इब्राहिम अली खान। (Arya Ladha)



