कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन में रूसी हमले लगातार तेज होते जा रहे हैं। कीव के पश्चिम में स्थित मायला गांव में एक गोदाम पर शुक्रवार रात हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुसार, चार लोग अब भी लापता हैं, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, जिस गोदाम को निशाना बनाया गया, वहां कथित तौर पर गोला-बारूद रखा गया था। हमले के बाद जोरदार धमाके हुए और आग आसपास के मकानों तथा इमारतों तक फैल गई। रविवार तक राहतकर्मी घटनास्थल पर आग बुझाने, मलबा हटाने और विस्फोटक सामग्री की पहचान कर उसे निष्क्रिय करने में जुटे रहे।
जेलेंस्की ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि आबादी वाले इलाके के पास विस्फोटक सामग्री रखने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस ने यूक्रेन के खिलाफ अपने हवाई अभियान को और तेज कर दिया है। राजधानी कीव में दिन के समय भी बार-बार हवाई हमले के सायरन सुनाई दे रहे हैं।
रूस ने दी बड़े हमलों की चेतावनी
मॉस्को ने रविवार को यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले करने की तैयारी की बात कही। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसे यूक्रेन की ड्रोन गतिविधियों का जवाब बताया। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन की उस नीति का जवाब देगा, जिसे रूस संघर्ष को बढ़ाने वाला कदम मानता है।
रूस का आरोप है कि यूक्रेन उसके सैन्य और युद्ध से जुड़े बुनियादी ढांचे के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी निशाना बना रहा है। इसके जवाब में रूसी सेना ने ऊर्जा क्षेत्र पर हमले की धमकी दी है। पिछले वर्षों में भी सर्दियों के दौरान यूक्रेन के बिजली नेटवर्क पर रूसी हमलों से बिजली और हीटिंग व्यवस्था प्रभावित हुई थी। यूक्रेनी अधिकारियों को इस बार की सर्दी भी बेहद चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है।
यूक्रेन ने भी तेज किए ड्रोन हमले
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने रातभर में यूक्रेन की करीब 500 ड्रोन को मार गिराया या निष्क्रिय किया। रूसी और यूक्रेनी सूत्रों के अनुसार, ड्रोन हमलों के दौरान सेंट पीटर्सबर्ग के दक्षिण-पूर्व में स्थित किरिशी इलाके की एक बड़ी तेल रिफाइनरी में आग लगी। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में ड्रोन गतिविधि के बाद औद्योगिक इलाके में आग लगने की पुष्टि की और 62 ड्रोन को नष्ट किए जाने की जानकारी दी।
यूक्रेन में भी रूसी हमलों का सिलसिला जारी रहा। कीव में शनिवार के हमले में दो साल की एक बच्ची की मौत हुई और 12 लोग घायल हुए। पूर्वी यूक्रेन के बिलबासोव्का गांव में भी बम हमले में 13 वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की जान चली गई।
रक्षा बजट पर बढ़ा दबाव
इस बीच यूक्रेन के नए रक्षा मंत्री येवहेन खमारा के सामने करीब 27 अरब डॉलर के वित्तीय अंतर को पाटने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि सरकार सहयोगी देशों से अतिरिक्त सहायता लेने के विकल्प पर काम कर रही है। मंत्रालय अगले वर्ष प्रस्तावित 90 अरब यूरो के यूरोपीय ऋण के कुछ हिस्से को पहले हासिल करने की संभावना पर भी विचार कर रहा है।
खमारा ने कहा कि प्राथमिकता सैनिकों के वेतन, जरूरी सैन्य जरूरतों और मोर्चे पर किसी भी तरह की कमी को रोकना है। उनका कहना है कि यूक्रेन अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के सामने स्पष्ट योजना रखेगा।
इस बीच, रूस और यूक्रेन दोनों ओर से ड्रोन तथा मिसाइल हमले जारी रहने के कारण संघर्ष और अधिक खतरनाक चरण में पहुंचता दिखाई दे रहा है। रूस के भीतर कुर्स्क और बेलगोरोद क्षेत्रों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों से कम से कम चार लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।



