RPSC SI Result OUT: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप निरीक्षक (SI) एवं प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 का लिखित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार कुल 20,045 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए सफल घोषित किया गया है. अब ये अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे.
परीक्षा में करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी हुए थे शामिल
गौरतलब है कि RPSC ने 5 और 6 अप्रैल 2026 को राज्यभर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया था. यह परीक्षा राजस्थान के 41 शहरों में बनाए गए 1,174 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी. परीक्षा में करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिससे यह राज्य की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक बन गई.
परीक्षा में नकल रोकने के लिए किए थे व्यापक प्रबंध
परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने इस बार व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे. डमी अभ्यर्थियों, नकल गिरोहों और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और विशेष निगरानी टीमों की मदद ली गई थी. परीक्षा केंद्रों पर बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी.
आयोग ने पहली बार कई आधुनिक तकनीकी उपायों का भी उपयोग किया. अभ्यर्थियों को क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र जारी किए गए थे. साथ ही मूल रंगीन फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया था. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर नजर रखी जा सके.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ पश्चिमी विक्षोभ, कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट



