Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होगा. जिसके चलते राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी और मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
अगले 48 घंटों में यहां हो सकती बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. साथ ही कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है.
वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा.
21 से 24 जून के बीच किन जिलों में हो सकती बारिश
मौसम केंद्र ने यह भी बताया कि 21 जून से 24 जून के बीच बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि दक्षिणी राजस्थान के कुछ जिलों में आगामी दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है.
वहीं नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटों में राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 85 मिलीमीटर वर्षा श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली.
ये भी पढ़ें: राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, ट्रांसफर पोस्टिंग से बैन हटाया



