Rajasthan Transfer Ban Posting News: राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बड़ी राहत देते हुए तबादलों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है. राज्य सरकार ने 16 दिनों के लिए ट्रांसफर विंडो खोल दी है, जिसके तहत विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए जा सकेंगे. सरकार के आदेश के अनुसार तबादलों की प्रक्रिया 5 जुलाई तक जारी रहेगी.
कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए राहत
आदेश के मुताबिक, निर्धारित अवधि के दौरान विभागीय स्तर पर नियमों के अनुसार तबादलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद आदेश जारी किए जाएंगे. लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए यह फैसला राहत भरा माना जा रहा है.

थर्ड ग्रेड शिक्षकों को करना होगा इंतजार
हालांकि, राज्य के हजारों थर्ड ग्रेड शिक्षकों को इस बार भी निराशा हाथ लगी है. सरकार ने उन्हें तबादला प्रक्रिया से बाहर रखा है. इसके चलते लंबे समय से स्थानांतरण की मांग कर रहे तृतीय श्रेणी शिक्षकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा. इसके अलावा संभावित वर्षाकाल को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों पर तबादला प्रतिबंध अगले आदेश तक यथावत रहेगा.
कई वर्षों से तबादला नीति की मांग कर रहे थर्ड ग्रेड शिक्षक
बता दें कि राजस्थान में पिछले कई वर्षों से थर्ड ग्रेड शिक्षक तबादला नीति लागू करने और नियमित तबादलों की मांग कर रहे हैं. विभिन्न शिक्षक संगठनों ने भी कई बार सरकार के सामने यह मुद्दा उठाया है. बावजूद इसके, इस बार भी सरकार ने तबादला प्रक्रिया में उन्हें शामिल नहीं किया है.
आगामी दिनों में बड़ी संख्या में हो सकते तबादले
सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटने के बाद विभिन्न विभागों में गतिविधियां तेज हो गई हैं. कर्मचारी संगठन भी अपने सदस्यों की लंबित मांगों को लेकर सक्रिय हो गए हैं. माना जा रहा है कि आगामी दिनों में बड़ी संख्या में तबादला आदेश जारी हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें: NEET-UG री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर बैन बरकरार, दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसले में कही ये बात



