Monday, May 25, 2026
HomeLatest Newsधर्मशाला की पिच पर बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों की होगी असली परीक्षा,...

धर्मशाला की पिच पर बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों की होगी असली परीक्षा, आरसीबी-गुजरात मुकाबला बना हाईवोल्टेज जंग

इंडियन प्रीमियर लीग के पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच धर्मशाला में रोमांचक मुकाबला होने वाला है। तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाने वाली पिच पर इस सीजन में बल्लेबाजों ने भी जमकर रन बनाए हैं। शुरुआती ओवरों में स्विंग और उछाल वाले गेंदबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है।

RCB vs GT Qualifier : धर्मशाला। आईपीएल के पहले क्वालीफायर से पहले धर्मशाला की पिच को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली इस पिच पर इस सीजन बल्लेबाजों ने भी जमकर रन बरसाए हैं। मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच होने वाले मुकाबले में असली टक्कर बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के बीच देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इस सीजन खेले गए तीनों मुकाबलों में पहली पारी का स्कोर 200 रन या उससे ज्यादा रहा है। हालांकि यहां की पिच अब भी तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल देती है, लेकिन बल्लेबाज शुरुआती चुनौती पार कर लें तो खुलकर बड़े शॉट खेलने का मौका मिल जाता है।

धर्मशाला की सबसे खास बात अब भी पारी के शुरुआती ओवरों में गेंद की हरकत है। समुद्र तल से लगभग 1450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मैदान भारत के उन चुनिंदा स्थलों में शामिल है, जहां तेज गेंदबाजों को नई गेंद से लगातार स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिलती है। पहाड़ी इलाकों की ठंडी और हल्की हवा गेंदबाजों को हार्ड लेंथ पर प्रभावी गेंदबाजी करने में मदद करती है। अन्य मैदानों के विपरीत यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलने का मतलब कम स्कोर वाला मैच नहीं होता। तेज आउटफील्ड और संतुलित उछाल बल्लेबाजों को भी तेजी से रन बनाने का मौका देती है। इस सत्र के तीनों मुकाबलों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पावरप्ले में गेंदबाजों ने विकेट चटकाने के साथ बल्लेबाजों को चकमा भी दिया, लेकिन गेंद पुरानी होते ही रनों की झड़ी लग गयी। पहले क्वालीफायर में काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी टीम शुरुआती छह ओवरों में गेंद से बेहतर प्रदर्शन करती है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आरसीबी को यहां मामूली बढ़त हासिल नजर आती है।

भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुवाई वाला उनका तेज आक्रमण नियंत्रण, स्विंग और सटीक हार्ड लेंथ पर आधारित है। धर्मशाला की परिस्थितियों में ये गुण हमेशा कारगर साबित हुए हैं। रोशनी में गेंद को स्विंग कराने और आखिरी ओवरों में गति में बदलाव करने वाले गेंदबाज यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में भी असरदार रहे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी ने 222 रन का विशाल लक्ष्य इसलिए बचा लिया क्योंकि उनके तेज गेंदबाज लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते रहे। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के पास अधिक रफ्तार वाला गेंदबाजी आक्रमण है, जिसे धर्मशाला की अतिरिक्त उछाल और खतरनाक बना सकती है। स्पिन गेंदबाजों की सीमित भूमिका उनकी रणनीति को प्रभावित कर सकती है। राशिद खान आमतौर पर प्रभावी रहते हैं, लेकिन यह पिच उनकी परीक्षा ले सकती है।

हाल के मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां अधिकांश विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं और निर्णायक चरणों में टीमों ने स्पिन का अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल किया है। टॉस भी इस मैदान पर अहम भूमिका निभा सकता है। इस सत्र के तीन में से दो मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं। इसकी बड़ी वजह यह रही कि गेंद पुरानी होने और ओस पड़ने के बाद बल्लेबाजी आसान हो जाती है। ऐसे में मंगलवार रात भी पहले गेंदबाजी करना टीमों की प्राथमिकता हो सकती है। ऐसे में आरसीबी का संतुलित तेज गेंदबाजी आक्रमण, पावरप्ले जैसे निर्णायक चरण में परिस्थितियों का बेहतर फायदा उठाने के मामले में गुजरात टाइटंस पर मामूली बढ़त दिला सकता है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular