Wednesday, July 1, 2026
HomeLatest Newsराम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा: आरोपी के घर मिला...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा: आरोपी के घर मिला ‘रामराज्य कोष’ का संदूक, QR कोड भी लगा; SIT को जांच के लिए 15 दिन और

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी अविनाश शुक्ला के योग केंद्र से 'रामराज्य कोष' लिखा संदूक और QR कोड बरामद हुआ है। SIT को जांच के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय मिला है, जबकि ED की एंट्री की भी चर्चा है। 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के दायरे में हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला के अयोध्या स्थित योग केंद्र से पुलिस ने एक संदूक बरामद किया है, जिस पर लाल रंग से ‘रामराज्य कोष’ लिखा हुआ था और उस पर Paytm का QR कोड भी चिपका मिला। 28 जून को हुई छापेमारी का वीडियो अब सामने आया है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।पुलिस को आरोपी के ठिकाने से राम मंदिर से जुड़े कई दस्तावेज और किताबें भी मिली हैं। वहीं फैजाबाद जेल में बंद सभी आठ आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें अविनाश शुक्ला से करीब दो घंटे तक सबसे लंबी पूछताछ हुई। पूछताछ के दौरान उसके घर से बरामद 14 लाख रुपये नकद और गहनों को लेकर सवाल-जवाब किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने SIT को जांच के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा बढ़ाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी शामिल किया जा सकता है। इसके लिए अयोध्या पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुरोध किया है।जांच अब सिर्फ आरोपियों तक सीमित नहीं है। राम मंदिर परिसर में तैनात करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के दायरे में हैं। उनके ड्यूटी रोस्टर, CCTV फुटेज, एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की जा रही है।

इस बीच, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ और यूरिन इन्फेक्शन की शिकायत है।गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को SIT का गठन किया गया और 25 जून को FIR दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image