Madhya Pradesh Rajya Sabha Election : भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी मुकाबला और रोचक हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए तीसरे उम्मीदवार के नाम का भी ऐलान कर दिया है। पार्टी ने कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को मैदान में उतारा है। इस घोषणा के साथ ही तीसरी सीट पर जीत के लिए दोनों दलों में मुकाबला होना सुनिश्चित है। भाजपा के तीसरे उम्मीदवार के नाम की घोषणा से पहले भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी नेताओं ने एक बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बीजेपी ने महेश केवट को बनाया उम्मीदवार
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसी बैठक में तीसरे उम्मीदवार के रूप में केवट को मैदान में उतारने की सहमति बनी, जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने इसे हरी झंडी दिखाई।भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार रात तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट के नाम की घोषणा की। इससे पहले शनिवार को भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। एक दिन पहले शनिवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का दावा करते हुए नटराजन को जीत का दंभ भरा था।
वर्तमान में मध्यप्रदेश की कुल 230 सदस्यीय विधानसभा में प्रभावी वोटों की संख्या 228 है। इसमें भाजपा के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक हैं। बीना से विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट ना होने और उनका झुकाव भाजपा की तरफ होने तथा विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर लगी रोक जैसी तकनीकी वजहों से कांग्रेस का प्रभावी आंकड़ा 62 पर सिमट गया है।
राज्यसभा की तीन सीटों पर प्रत्येक उम्मीदवार को जीत के लिए 58 वोटों की जरूरत है। इस हिसाब से दो सीटें जीतने के लिए भाजपा को 116 वोट की जरूरत है। कुल 164 में से 116 वोट देने के बाद भाजपा के पास 48 वोट बचेंगे। तीसरी सीट जीतने के लिए उसे 58 वोट चाहिए यानी भाजपा को 10 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है। कांग्रेस के पास जीत के लिए आवश्यक आंकड़े हैं लेकिन भाजपा की ओर से तीसरे उम्मीदवार की घोषणा से उसकी चिंता बढ़ा दी है और नटराजन की जीत की राह मुश्किल कर दी है। मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा।
मीनाक्षी नटराजन आज करेंगी नामांकन दाखिल
वहीं, कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी। उन्होंने रविवार को भोपाल में कांग्रेस नेताओं से भेंट की। वह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और अजय सिंह से मिलने उनके आवास पहुंची और चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा की।
कर्नाटक में एम नागराज को बनाया उम्मीदवार
वहीं, भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कर्नाटक में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए डॉ. एम नागराज को उम्मीदवार बनाया है। साथ ही कर्नाटक के विधान परिषद् द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए लिंगराज पाटील और रघु कौटिल्य को उम्मीदावर बनाया है।



