मुंबई। चेक बाउंस मामले और लंबे कानूनी विवाद का सामना कर रहे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव के जन्मदिन पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। अभिनेता ने मुश्किल समय में उनका और पूरे परिवार का साथ निभाने के लिए पत्नी का आभार जताया। उन्होंने राधा को अपने परिवार का ‘हीरा’ बताते हुए कहा कि माता-पिता, गुरु और परमात्मा के बाद उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा कर्ज उनकी पत्नी का है।
पत्नी के लिए लिखा भावुक संदेश
राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर पत्नी राधा के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी राधा ने अपना धैर्य बनाए रखा और परिवार को संभाला। अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने परिवार के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और उनकी परवरिश की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।राजपाल ने कहा कि परिवार के लिए जो सपना उन्होंने देखा था, उसे पूरा करने में राधा का अहम योगदान रहा। उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी पत्नी ने कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि परिवार की खुशियों के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया।अभिनेता ने राधा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह जीवनभर उनके आभारी रहेंगे और हमेशा उनसे प्यार करते रहेंगे।
22 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में कानूनी विवाद
राजपाल यादव लंबे समय से चेक बाउंस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। यह विवाद मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जिसमें कंपनी की ओर से करीब 22 करोड़ रुपये के चेक बाउंस होने का दावा किया गया है।शिकायतकर्ता कंपनी के अनुसार, वर्ष 2010 में राजपाल यादव की फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई थी। बाद में रकम लौटाने के लिए जारी किए गए सात चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला अदालत पहुंचा।
जुलाई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने सात मामलों में उनकी सजा बरकरार रखते हुए तीन महीने की जेल की सजा सुनाई थी। इसके बाद अभिनेता ने सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती दी।रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता के जरिए विवाद सुलझाने का निर्देश दिया और ट्रायल कोर्ट में जमा राजपाल यादव का पासपोर्ट रिलीज करने को भी कहा।
2003 में राधा से की थी शादी
राजपाल यादव ने साल 2003 में राधा यादव से शादी की थी। राधा उम्र में उनसे करीब 13 साल छोटी हैं। यह अभिनेता की दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी करुणा का बेटी ज्योति को जन्म देने के कुछ समय बाद निधन हो गया था।राजपाल यादव का यह भावुक संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब वह कानूनी विवाद का सामना कर रहे हैं। उनकी पोस्ट में पत्नी के प्रति कृतज्ञता और परिवार के मुश्किल दौर में राधा के योगदान की झलक देखने को मिलती है।



