Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इसके प्रभाव से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
आज इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बारिश भी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर 30 और 31 मई को
IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक असर 30 और 31 मई को देखने को मिलेगा। इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
30 मई से लू से मिलेगी राहत
विभाग का कहना है कि मई के अंत में शुरू होने वाली यह मौसम गतिविधि जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकती है. आंधी और बारिश के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है. इसके चलते 30 मई से अधिकांश इलाकों में लू से राहत मिल सकती है.
कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी
गौरतलब है कि राजस्थान पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है. सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: सहकारिता मंत्री गौतम दक की बढ़ी मुश्किलें, पुलिसकर्मी से गाली-गलौज मामले में FIR दर्ज



