Thursday, October 8, 2026
HomeIndiaराजस्थान में 11 अक्टूबर से बारिश का दौर! जयपुर-जैसलमेर से ज्यादा गर्म,...

राजस्थान में 11 अक्टूबर से बारिश का दौर! जयपुर-जैसलमेर से ज्यादा गर्म, कई शहरों में गुलाबी ठंड

राजस्थान में मौसम फिर बदलने वाला है। 11 और 12 अक्टूबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं उदयपुर, सिरोही, भीलवाड़ा और नागौर में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंचने से गुलाबी ठंडक महसूस हो रही है। जयपुर में दिन का तापमान 37.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो जैसलमेर से ज्यादा रहा।

जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में बुधवार को तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। राज्य के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पिलानी 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। जयपुर में दिन का तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जैसलमेर के 37 डिग्री से भी ज्यादा रहा। दिन में तेज धूप के कारण जयपुर के शहरी इलाकों में गर्मी बनी रही, हालांकि शाम होते ही तापमान में गिरावट से राहत मिली। जयपुर में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

उदयपुर-सिरोही समेत कई शहरों में गुलाबी ठंड

राजस्थान के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 18.2, सिरोही में 16.2, नागौर में 19.5 और भीलवाड़ा में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन इलाकों में रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। माउंट आबू में सबसे ज्यादा ठंडक रही। यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर में 19.4 और पाली में 19.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

पारा 40 डिग्री से नीचे, गर्मी से मामूली राहत

बुधवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह ड्राई रहा। दिन में धूप के साथ हल्की हवा चली। पिलानी में अधिकतम तापमान 39.3, चूरू में 38.7, फलोदी और टोंक में 38.6, बाड़मेर में 38.1, जोधपुर में 37.5, बीकानेर में 37.4 और श्रीगंगानगर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में 37.2, जबकि भीलवाड़ा और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा।

11 अक्टूबर से बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो सकता है। इसके प्रभाव से 11 और 12 अक्टूबर को राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बीकानेर और जयपुर संभाग के करीब 6-7 जिलों में हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर इसके प्रभाव वाले प्रमुख जिले हो सकते हैं।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से ड्राई रहने और धूप निकलने की संभावना है। तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके बाद 11 अक्टूबर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम में बदलाव और कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image