जयपुर। राजस्थान में SI भर्ती 2021 के री-एग्जाम को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध जताया है। मंगलवार को कई अभ्यर्थी जयपुर के शहीद स्मारक पर धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों ने री-एग्जाम के पेपर के पैटर्न और कठिनाई स्तर पर सवाल उठाते हुए परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि RPSC की ओर से तैयार किए गए पेपर का पैटर्न निर्धारित सिलेबस के अनुरूप नहीं था। उनका कहना है कि पेपर का स्तर भी काफी कठिन रहा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, जीके पेपर में 36 प्रतिशत न्यूनतम अनिवार्य अंक हासिल करना भी मुश्किल हो रहा है। अभ्यर्थियों की मांग है कि मौजूदा पेपर को रद्द कर सिलेबस के अनुरूप नए पैटर्न के साथ दोबारा परीक्षा कराई जाए।
पेपर के पैटर्न पर उठाए सवाल
अभ्यर्थियों ने कहा कि 2021 की भर्ती में पहले चयन होने के बाद भर्ती रद्द कर दी गई थी। इसके बाद उन्हें दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी पड़ी। अब री-एग्जाम में उन्हें पेपर का स्तर काफी कठिन और पैटर्न अलग लगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि पेपर में कई ऐसे सवाल पूछे गए, जिन्हें समझने में काफी समय लगा। उनका आरोप है कि परीक्षा में सिलेबस से जुड़े और अपेक्षित सवाल पर्याप्त रूप से नहीं पूछे गए।
दोबारा परीक्षा कराने की मांग
धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती के लिए लंबे समय तक तैयारी की है। ऐसे में अगर पेपर सिलेबस और निर्धारित पैटर्न के अनुरूप नहीं था, तो परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराया जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि नए पैटर्न और सिलेबस के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार कर दोबारा परीक्षा आयोजित की जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।



