जयपुर। राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में 1 अक्टूबर से ओपीडी के समय में बदलाव होने जा रहा है। सर्दियों के सीजन को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी अब सुबह 8 बजे की जगह सुबह 9 बजे से शुरू होगी। यह व्यवस्था अगले साल 31 मार्च तक लागू रहेगी। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में फिलहाल ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलती है। 1 अक्टूबर से इसका समय बदलकर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया जाएगा। मरीजों के लिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा।
राजकीय अवकाश पर समय में बदलाव नहीं
राजकीय अवकाश के दिनों में ओपीडी का समय पहले की तरह ही रहेगा। इन दिनों मरीजों के लिए ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक संचालित होगी।
PHC और CHC में भी लागू होगा नया समय
स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार, प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल और सैटेलाइट अस्पतालों में भी 1 अक्टूबर से ओपीडी का समय बदलेगा। इन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। यह विंटर शेड्यूल 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा।



