पेपर लीक के बाद रद्द की गई 2021 की राजस्थान SI भर्ती परीक्षा आज यानी 20 सितंबर को दोबारा आयोजित की जा रही है। RPSC की ओर से यह परीक्षा प्रदेश के 11 जिलों में 666 केंद्रों पर हो रही है, जिसमें 2.18 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की पहली पारी में टोंक में सबसे ज्यादा 77.73 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि उदयपुर में सबसे कम 66.46 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच को लेकर कड़ी सख्ती देखने को मिली। जयपुर के एक सेंटर पर शर्ट में मेटल बटन होने के कारण एक युवक को प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वह बनियान में परीक्षा देने पहुंचा। वहीं, एक अन्य अभ्यर्थी की टी-शर्ट के मेटल वाले हिस्से पर टेप चिपकाकर उसे प्रवेश दिया गया।
उधर, कोटा के इंदिरा नगर स्थित परीक्षा केंद्र पर बूंदी से पहुंचे एक अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिल सका। अभ्यर्थी ने दावा किया कि गूगल लोकेशन की वजह से वह गलत सेंटर पर पहुंच गया था। अजमेर के सावित्री स्कूल स्थित सेंटर पर भी जांच के दौरान सख्ती दिखाई दी। महिला अभ्यर्थियों की चूड़ियां उतरवाने के बाद प्रवेश दिया गया। इसके अलावा अभ्यर्थियों के हाथों में बंधे धागे भी हटवाए गए।
इस बार परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन और सघन जांच की व्यवस्था की गई है। परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले प्रवेश बंद करने का नियम भी लागू है।
परीक्षा 2021 के पेपर लीक के बाद रद्द की गई थी। अब उसी भर्ती प्रक्रिया के तहत दोबारा परीक्षा कराई जा रही है।



