इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री अब सियासी विवाद का मुद्दा बन गई है। 19 सितंबर को हुए कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद BJP नेताओं ने राहुल गांधी की मौजूदगी और उनकी प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज, विदेशी नेताओं से बातचीत में इस्तेमाल होने वाले “My Friend” जैसे वाक्य और उनके कुछ सार्वजनिक अंदाजों की मिमिक्री की। इस दौरान राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद थे और वीडियो में उन्हें हंसते हुए देखा गया।
विवाद उस हिस्से को लेकर बढ़ा, जिसमें कॉमेडियन ने प्रधानमंत्री की एक बुजुर्ग महिला से हुई मुलाकात और उनकी दिवंगत मां से जुड़े संदर्भों को भी अपने एक्ट में शामिल किया। BJP नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल और BJP प्रवक्ता सीआर केसवन समेत कई नेताओं ने इस पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी।
वहीं, कार्यक्रम का मुख्य फोकस छात्रों के शिक्षा, रोजगार, भर्ती, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर था। राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद करते हुए शिक्षा व्यवस्था और रोजगार को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए।
अब पुलकित मणि और राहुल गांधी की मंच पर हुई जुगलबंदी सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है। जहां BJP की ओर से इसे लेकर आलोचना की जा रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम के छात्र-केंद्रित मुद्दों पर जोर दिया जा रहा है।



