जयपुर। राजस्थान में पंच-सरपंच चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक प्रदेश में कुल 19.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार जोधपुर की समराऊ पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 29.61 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं नागौर की मूंडवा पंचायत समिति में सबसे कम महज 6.61 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। प्रदेश की 124 पंचायत समितियों के मतदान आंकड़े सामने आए हैं। कई इलाकों में सुबह से ही मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
जोधपुर की समराऊ में सबसे ज्यादा 29.61% मतदान
सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों में जोधपुर जिले की समराऊ पंचायत समिति सबसे आगे रही। यहां 29.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके अलावा बीकानेर की बीठनोक में 29.13 प्रतिशत, बाड़मेर की बाटाडू में 26.56 प्रतिशत और जोधपुर की मंडोर में 26.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बाड़मेर की दूंगेरों का तला में भी 26.01 प्रतिशत मतदान हुआ है।
इन पंचायत समितियों में सबसे कम मतदान
सुबह 10 बजे तक सबसे कम मतदान नागौर जिले की मूंडवा पंचायत समिति में दर्ज किया गया। यहां केवल 6.61 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
अन्य प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं:
- उदयपुर की गोगुंदा: 12.25 प्रतिशत
- उदयपुर की सायरा: 12.27 प्रतिशत
- अलवर की राजगढ़: 12.68 प्रतिशत
- पाली की देसूरी: 14.04 प्रतिशत
- डूंगरपुर की साबला: 14.70 प्रतिशत
नागौर में सुबह 10 बजे तक 19.95% मतदान
नागौर जिले में सुबह 10 बजे तक कुल 19.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले की पांच पंचायत समितियों और मूंडवा की एक ग्राम पंचायत में मतदान जारी है। रियांबड़ी में सबसे ज्यादा 21.31 प्रतिशत मतदान हुआ। मेड़ता रोड-गोटन में 21.15 प्रतिशत और मेड़ता सिटी में 20.14 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। डेगाना में 19.65 प्रतिशत और भेरूंदा में 18.84 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं मूंडवा की एक ग्राम पंचायत में सबसे कम 6.61 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
पाली में सुबह 10 बजे तक करीब 18% मतदान
पाली जिले में सुबह 10 बजे तक करीब 18 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले की चार पंचायत समितियों में सरपंच और वार्ड पंच पद के लिए वोटिंग जारी है।
पाली में पंचायत समिति वार आंकड़े इस प्रकार हैं:
- रोहट: 20.65 प्रतिशत
- पाली: 20.16 प्रतिशत
- बाली: 16.68 प्रतिशत
- देसूरी: करीब 14 प्रतिशत
पाली जिले में 143 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है।



