जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। प्रदेश की 3,626 पंचायतों में पंच और सरपंच चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है। इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख से अधिक मतदाता 3,326 सरपंचों की किस्मत का फैसला करेंगे। प्रदेशभर में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कुल 11,799 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
बारिश और खराब मौसम के बीच भी मतदान जारी
राजस्थान में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ सहित कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर मौसम की चुनौतियों के बीच भी लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पंच और सरपंच पद के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डाल रहे हैं।
दौसा के करणपुर गांव में मतदान का बहिष्कार
पंचायत चुनाव के दौरान दौसा जिले के महवा क्षेत्र के करणपुर गांव में परिसीमन के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया है। गांव के लोगों ने परिसीमन को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए वोटिंग में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया।
11,799 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रदेशभर में 11 हजार 799 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस चरण में 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं 3,326 सरपंच पदों के लिए उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
शाम 6 बजे खत्म होगी वोटिंग, देर रात आएंगे नतीजे
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू होगी। मतगणना के दौरान सबसे पहले वार्ड पंच पद के लिए डाले गए बैलेट पेपर की गिनती होगी। इसके बाद सरपंच पद के वोटों की गणना की जाएगी। देर रात तक चुनाव परिणामों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद पता चलेगा कि प्रदेश की 3,626 पंचायतों में किसके सिर सरपंच और पंच का ताज सजेगा।



