Sharmiela Mandre Sudhan Sundaram Marriage: राजस्थान एक बार फिर फिल्मी सितारों की शाही शादी का गवाह बनने जा रहा है. कन्नड़ और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस शर्मिला मांद्रे और फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम 12 जुलाई को जयपुर के ऐतिहासिक सामोद पैलेस में सात फेरे लेंगे. 2 दिन तक चलने वाले इस भव्य विवाह समारोह में दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.
शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. निर्माता सुधन सुंदरम बुधवार को तैयारियों का जायजा लेने जयपुर पहुंचे, जबकि गुरुवार को अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचीं. एयरपोर्ट से वह सीधे सामोद पैलेस रवाना हो गईं, जहां शादी की सभी रस्में पूरी की जाएंगी.
एटली और विजय सेतुपति के आने की संभावना
इस हाई-प्रोफाइल वेडिंग में फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा अभिनेता विजय सेतुपति भी समारोह में शिरकत कर सकते हैं. विजय सेतुपति की चर्चित फिल्म ‘महाराजा’ के सुधन सुंदरम ने ही प्रोड्यूस किया था.
11 जुलाई से शुरू होंगे शादी के कार्यक्रम
विवाह समारोह की शुरुआत 11 जुलाई से होगी. इस दिन हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी रस्में आयोजित की जाएंगी. आयोजकों के अनुसार, समारोह में राजस्थानी शाही मेहमाननवाजी और दक्षिण भारतीय परंपराओं का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा. 12 जुलाई की सुबह दक्षिण भारतीय वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न होगा, जबकि शाम को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है.
25 जून को हुई थी सगाई
शर्मिला मांद्रे और सुधन सुंदरम ने 25 जून को सगाई की थी. एक इंटरव्यू में शर्मिला ने बताया था कि उनकी मुलाकात अभिनेत्री संयुक्ता के जरिए हुई थी. दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता समय के साथ प्यार में बदल गया. उन्होंने बताया कि इसी साल मार्च में सुधन ने बेहद सादगी से उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था. शर्मिला के मुताबिक, ‘मैं हमेशा मानती थी कि शादी उसी इंसान से करनी चाहिए जिससे आप प्यार करते हों. दोस्ती हमारे रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है.’
सेलेब्रिटी वेडिंग का पसंदीदा डेस्टिनेशन बना राजस्थान
पिछले कुछ वर्षों में राजस्थान बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की डेस्टिनेशन वेडिंग्स का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर के शाही महलों में कई हाई-प्रोफाइल शादियां हो चुकी हैं. इससे पहले ‘बाहुबली’ के निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अपने बेटे की शादी के लिए जयपुर को चुना था. वहीं हाल के वर्षों में कई दक्षिण भारतीय सितारे भी राजस्थान के शाही महलों और लग्जरी रिसॉर्ट्स में विवाह समारोह आयोजित कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: भारत में होगा बिग बैश लीग का ओपनिंग मैच, पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, जानें वेन्यू और डेट



