Friday, July 10, 2026
HomeIndiaभारत में होगा बिग बैश लीग का ओपनिंग मैच, पीएम मोदी का...

भारत में होगा बिग बैश लीग का ओपनिंग मैच, पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, जानें वेन्यू और डेट

PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज़ ने भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स रोडमैप जारी किया। इसके तहत पहली बार ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मैच इस दिसंबर चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा।

PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देने के लिए एक व्यापक स्पोर्ट्स रोडमैप जारी किया. इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल प्रशिक्षण, खिलाड़ियों के विकास, खेल विज्ञान, तकनीक और खेल उद्योग में सहयोग को मजबूत करना है.

चेन्नई में पहली बार होगा बिग बैश लीग का मैच

इस साझेदारी की सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला इस वर्ष दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा. यह मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा. यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मुकाबला भारत में आयोजित किया जाएगा.

‘गुड डे नमस्ते’ उत्सव का होगा हिस्सा

ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार यह मुकाबला भारत में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ‘गुड डे नमस्ते’ उत्सव का मुख्य आकर्षण होगा. इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

भारत-ऑस्ट्रेलिया यूथ स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन

विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘यह रोडमैप खेल प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा खेल उद्योग और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा. भारत-ऑस्ट्रेलिया यूथ स्पोर्ट्स फेस्टिवल आयोजित करने पर भी सहमति बनी है, जिससे दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव और आपसी आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा.

खेल लोगों को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेल लोगों और देशों को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यह रोडमैप भारत और ऑस्ट्रेलिया की खेल साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि आने वाला दशक दोनों देशों के लिए खेलों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है. भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा.

अल्बानीज़ ने बताया ऐतिहासिक पहल

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया खेलों के प्रति समान जुनून साझा करते हैं. उन्होंने कहा कि यह रोडमैप क्षमता निर्माण, अनुसंधान, तकनीक और खेल सहयोग के जरिए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा. साथ ही इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा.

युवा खिलाड़ियों से भी की मुलाकात

एमसीजी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने कबड्डी, ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल और क्रिकेट के प्रदर्शनी मैचों में हिस्सा लेने वाले युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व महिला कप्तान लिसा स्टालेकर भी मौजूद रहीं.

ये भी पढ़ें: राजस्व चोरी, अवैध वाहनों के खिलाफ लें सख्त एक्शन: सीएम भजनलाल शर्मा


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image