Mumbai Rain Update: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए शहर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों एवं कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
#WATCH मुंबई: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, कोल्हापुर, सतारा, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी ज़िलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 7, 2026
(वीडियो अक्सा बीच से है) pic.twitter.com/Y9CM8LZDxx
मंगलवार सुबह से ही शहर में घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं. मौसम विभाग के अनुसार, खराब मौसम के कारण यातायात, बिजली आपूर्ति और दैनिक गतिविधियों पर व्यापक असर पड़ सकता है. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है.
नासिक में बादल फटने की चेतावनी
वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान 300 मिमी तक बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने त्र्यंबकेश्वर और नासिक के बीच बादल फटने की भी आशंका जताई है. जिसके चलते नासिक के सभी स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है.
#WATCH | नासिक, महाराष्ट्र: शहर के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 7, 2026
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, कोल्हापुर, सतारा, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी ज़िलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वीडियो त्र्यंबकेश्वर मंदिर से है। pic.twitter.com/1CJuGLIqZl
बारिश से ठप हुआ जनजीवन
सोमवार को हुई लगातार बारिश के कारण मुंबई और आसपास के जिलों में कई सड़कें जलमग्न हो गईं. कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, दीवारें और होर्डिंग गिरने की घटनाएं भी सामने आईं. भारी जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन
भारी बारिश का असर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी देखने को मिला. एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ बाईपास सेक्शन में सुरंग-2 के निकास के पास सोमवार तड़के भूस्खलन होने से मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग करीब 18 घंटे तक बंद रहा. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अनुसार सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सोमवार रात 10:10 बजे यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया.
#WATCH मुंबई, महाराष्ट्र: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक पर 19 घंटे बाद गाड़ियों की आवाजाही फिर से बहाल हुई। https://t.co/j6SV1c6W0j pic.twitter.com/ZVSp7FHzbX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 6, 2026
पुणे में 4 की मौत, 500 से अधिक लोगों का रेस्क्यू
भारी बारिश ने पुणे जिले में भी कहर बरपाया. मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में दो लोग बह गए. जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनने के बाद प्रशासन ने 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं.

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. प्रशासन ने नागरिकों से समुद्र तटों, जलभराव वाले इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: E20 पेट्रोल डालने से इंजन खराब होगा? जानिए पूरा सच



