Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: राउंड ऑफ-16 में स्पेन के खिलाफ 1-0 की हार के साथ पुर्तगाल टूर्नामेंट से बाहर हो गया. इस हार के साथ ही स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप का सफर भी यहीं खत्म हो गया. हालांकि उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है.

मैच समाप्त होने के बाद जब रोनाल्डो मैदान से बाहर जा रहे थे, तो स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से उनका सम्मान किया. रोनाल्डो ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया, लेकिन उनके चेहरे पर विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह जाने की मायूसी साफ दिखाई दे रही थी.
इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट पर कही ये बात
मैच के बाद रोनाल्डो ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘इस तरह विश्व कप से बाहर होने का दुख है. मैंने अपना सबकुछ दिया. मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की और मैं साफ अंतरात्मा के साथ यहां से जा रहा हूं. हां, यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप था, लेकिन अब मेरे पास सोचने और अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका होगा. मैं जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करूंगा.’
Bahkan yang terbaik pun tidak bisa menulis ulang takdir.
— PanditFootball.com (@panditfootball) July 6, 2026
Cristiano Ronaldo akhirnya harus menerima kenyataan pahit bahwa dirinya memang tidak pernah ditakdirkan untuk memenangkan Piala Dunia. Meski telah menjaga fisik di level tertinggi hingga usia 41 tahun demi memimpin… pic.twitter.com/PGhIcbxT7z
आखिरी विश्व कप में अधूरा रह गया सपना
यह रोनाल्डो का छठा और अंतिम फीफा विश्व कप था. उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि 2026 का टूर्नामेंट उनके करियर का आखिरी विश्व कप होगा. स्पेन के खिलाफ मुकाबले में उन्हें पहले हाफ में गोल करने का एक सुनहरा मौका मिला, लेकिन स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने शानदार बचाव करते हुए उनकी कोशिश नाकाम कर दी.

कई रिकॉर्ड, लेकिन विश्व कप ट्रॉफी नहीं
क्रिस्टियानो रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा 146 गोल करने और 233 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. वह विश्व कप के इतिहास में लगातार छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले और एकमात्र फुटबॉलर भी हैं. हालांकि क्लब और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक ट्रॉफियां जीतने वाले रोनाल्डो अपने करियर में कभी विश्व कप का खिताब नहीं जीत सके. उनके रहते पुर्तगाल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2006 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचना रहा, जो उनका पहला विश्व कप भी था।

यादगार रहा विश्व कप करियर
रोनाल्डो ने अपने विश्व कप करियर में कुल 11 गोल किए और इस सूची में वह सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में नौवें स्थान पर रहे. उनके विश्व कप करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2014 में स्पेन के खिलाफ ग्रुप मैच में आया था, जब उन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर मुकाबला 3-3 से ड्रॉ कराया था. उस मैच को विश्व कप इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाता है. विश्व कप भले ही रोनाल्डो की झोली में नहीं आ सका, लेकिन उनके रिकॉर्ड, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में हमेशा के लिए अमर कर दिया.
ये भी पढ़ें: Mumbai Rains: मुंबई समेत महाराष्ट्र में आफत की बारिश, नासिक में बादल फटने का अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद



