जयपुर। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद बने डरावने हालातों को देखते हुए राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत काठमांडू जाने वाली हवाई यात्रा को फिलहाल 31 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने साफ किया है कि बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। चूंकि नेपाल में अभी मौसम और हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हैं, इसलिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यात्रा रद्द नहीं हुई है, बल्कि स्थिति सामान्य होने पर नई तारीखों का ऐलान कर पशुपतिनाथ यात्रा फिर से शुरू की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में स्वाइन फ्लू का बड़ा अलर्ट: 27 दिनों में सामने आए 55 नए मरीज, अगस्त में फूटा संक्रमण का बम
उदयपुर के 43 यात्री काठमांडू में सुरक्षित
राहत की बात यह है कि यात्रा स्थगित होने से ठीक पहले, उदयपुर और सलूंबर जिले के 43 तीर्थयात्री बुधवार को ही नेपाल पहुँच चुके थे। इनमें उदयपुर के 31 और सलूंबर के 12 बुजुर्ग शामिल हैं। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने पुष्टि की है कि काठमांडू के उस इलाके में बाढ़ और बारिश का सीधा असर नहीं है, और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। विभाग लगातार उनके संपर्क में है।
परिजनों के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में मौजूद यात्रियों के स्वजनों की चिंता को देखते हुए सरकार ने कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है:
- टोल फ्री नंबर: 1070 और 112
- लैंडलाइन नंबर: 0141-2851960, 0141-2385776, 0141-2385777, 0141-2227296, 0141-2927392 और 0141-2227603
- ई-मेल: relief-rj@nic.in
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान निकाय चुनाव 2026: भाजपा-कांग्रेस में ‘जिताऊ’ चेहरों की तलाश तेज, 29 अगस्त को आ सकती है उम्मीदवारों की पहली लिस्ट



