Thursday, May 7, 2026
HomeIndia'आतंक के खिलाफ जंग जारी रहेगी', ऑपरेशन सिंदूर को 1 साल पूरा...

‘आतंक के खिलाफ जंग जारी रहेगी’, ऑपरेशन सिंदूर को 1 साल पूरा होने पर सेना का संदेश, किए कई बड़े खुलासे

Operation Sindoor Anniversary: ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरा होने पर भारतीय सेना ने खुलासा किया कि अभियान में 13 एयरक्राफ्ट गिराए गए और 11 एयरफील्ड तबाह किए गए। सेना ने कहा कि यह पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ पिछले 50 वर्षों का सबसे बड़ा सैन्य अभियान था।

Operation Sindoor Anniversary: ऑपरेशन सिंदूर को 1 वर्ष पूरा होने पर भारतीय वायुसेना, नौसेना और थलसेना के सैन्य अभियानों के प्रमुखों ने आज जयपुर में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई. भारतीय सेना की तरफ से साफ कहा गया कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पाकिस्तान में कोई भी आतंकवादी ठिकाना सुरक्षित नहीं है और यह मिशन तो बस एक शुरुआत है. इसी के साथ इस अभियान को सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 50 सालों में भारत का सबसे व्यापक सैन्य अभियान बताया.

‘ऑपरेशन सिंदूर अंत नहीं था, यह तो बस एक शुरुआत थी’

लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर अंत नहीं था, यह तो बस एक शुरुआत थी. इस ऑपरेशन के तहत भारत ने अपनी पुरानी रणनीतियों से हटकर नियंत्रण रेखा (LoC) और पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया. उन्होंने कहा कि यह अभियान हमारे देश के संकल्प, जिम्मेदारी और रणनीतिक संयम का प्रतीक था. इसे सटीकता, संतुलन और स्पष्ट उद्देश्य के साथ अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा, ‘भारत अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा निर्णायक, पेशेवर और अत्यंत जिम्मेदारी के साथ करता रहेगा.’

‘कुल 9 ‘स्टैंडऑफ प्रिसिजन स्ट्राइक’ की गईं’

लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर भी तीनों सेनाओं का एक संयुक्त प्रयास था. इसने ज़मीन, हवा और समुद्री क्षमताओं को साझा स्थितिगत जागरूकता, एक समान ऑपरेशन और खुफिया जानकारी और वास्तविक समय में निर्णय लेने की क्षमता के साथ एकीकृत किया. कुल 9 ‘स्टैंडऑफ प्रिसिजन स्ट्राइक’ की गईं-जिनमें से 7 भारतीय सेना ने और 2 भारतीय वायु सेना ने कीं. इन स्ट्राइक्स का समय एकदम सटीक था, इन्होंने पूरी तरह से चौंका दिया और पाकिस्तान-अधिकृत जम्मू और कश्मीर के अंदरूनी इलाकों और पाकिस्तान के मुख्य भूभाग में स्थित हर स्थापित ठिकाने को अधिकतम नुकसान पहुंचाया. इसके ज़रिए यह संदेश दिया गया कि अब कोई भी ठिकाना सुरक्षित नहीं है. हमने बेहद कम समय में एक जटिल बहु-आयामी अभियान की योजना बनाई, उसे अंजाम दिया और सफलतापूर्वक पूरा किया.’

’11 एयरफील्ड को निशाना बनाया,13 एयरक्राफ्ट को तबाह किया’

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को हुए नुकसान पर एयर मार्शल एके भारती ने कहा, ” इस ऑपरेशन में पाकिस्तान हमारी तरफ कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा पाया. वहीं पाकिस्तान को इसमें भारी नुकसान उठाया पड़ा. हमने उनके 11 एयरफील्ड को निशाना बनाया. भारतीय सेना ने उनके 13 एयरक्राफ्ट को तबाह किया. वे चाहे कुछ भी कहें, याद रखें कि किस्से-कहानियां और बयानबाज़ी आपको जीत नहीं दिलाते. जीत का पैमाना तो ठोस तथ्य होते हैं.”

‘हम ‘जियो और जीने दो’ के सरल दर्शन के साथ जीते आए हैं’

एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि अनादि काल से, हम ‘जियो और जीने दो’ के सरल दर्शन के साथ जीते आए हैं. लेकिन जब शांति की हमारी इच्छा को हमारी कमज़ोरी मान लिया जाता है और हमारी चुप्पी को हमारी अनुपस्थिति समझा जाता है, तो फिर कार्रवाई करने के अलावा हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचता. जब हम कार्रवाई करते हैं, तो वह अधूरी नहीं होती. वह निर्णायक होती है, वह घातक होती है और वही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का रूप ले लेती है.”ऑपरेशन सिंदूर ने वायु शक्ति की अहमियत को फिर से स्थापित किया. गौरतलब है कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पिछले वर्ष 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे.

9 आतंकी ठिकानों को बनाया गया था निशाना

इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए थे. इस कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया था. पाकिस्तान ने जवाबी हमले किए. हालांकि, भारतीय सेना ने उनमें से अधिकांश को विफल कर दिया. दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर बातचीत के बाद 10 मई को सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनी, जिसके साथ ही संघर्ष विराम लागू हुआ.

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर फंसा पेंच, राज्यपाल से दूसरी बार मिले TVK प्रमुख विजय, जानें गवर्नर ने क्या कहा ?


Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular