नई दिल्ली: सोना और चांदी की कीमतों में आज गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, घरेलू बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं। हालांकि साल की शुरुआत की तुलना में सोना और चांदी अब भी ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। IBJA के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर ₹558 घटकर ₹1,53,074 के आसपास पहुंच गई। वहीं एक किलोग्राम चांदी ₹744 की गिरावट के साथ ₹2,56,141 के आसपास पहुंच गई।
सालभर में सोने-चांदी ने दिया मजबूत रिटर्न
हालिया गिरावट के बावजूद वर्ष 2026 में सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब ₹1.33 लाख पर था, जो अब बढ़कर ₹1.50 लाख के आसपास पहुंच चुका है। यानी इस साल अब तक सोने की कीमत में लगभग ₹17,000 की वृद्धि हुई है।
इसी तरह, चांदी 31 दिसंबर 2025 को ₹2.30 लाख प्रति किलो के आसपास थी, जो अब ₹2.55 लाख प्रति किलो के आसपास पहुंच गई है। इस तरह चांदी की कीमत में भी करीब ₹18,000 प्रति किलो का उछाल दर्ज किया गया है।
सोने में और तेजी की संभावना
वैश्विक वित्तीय संस्थान वेल्स फार्गो ने सोने को लेकर अपना मूल्य लक्ष्य बढ़ाया है। बैंक का अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 6,100 से 6,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। भारतीय बाजार में इसका असर देखने को मिला तो 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग ₹1.93 लाख तक जा सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और सुरक्षित निवेश की मांग सोने को समर्थन दे रही है। वहीं चांदी को औद्योगिक मांग और सीमित आपूर्ति का लाभ मिल सकता है।
सोना खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
विशेषज्ञों की सलाह है कि सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें। साथ ही खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से कीमत की जांच अवश्य करें, क्योंकि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम अलग-अलग होते हैं। इससे ग्राहकों को सही कीमत पर शुद्ध सोना खरीदने में मदद मिलती है।



