Wednesday, June 17, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessस्पेसएक्स बनी दुनिया की पांचवीं सबसे मूल्यवान कंपनी, शेयरों में 14% उछाल...

स्पेसएक्स बनी दुनिया की पांचवीं सबसे मूल्यवान कंपनी, शेयरों में 14% उछाल से बढ़ी इलॉन मस्क की संपत्ति

नई दिल्ली: इलॉन मस्क की स्पेस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी स्पेसएक्स ने वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। कंपनी के शेयरों में 14.3% की तेज बढ़त दर्ज की गई, जिसके बाद उसका मार्केट कैप बढ़कर 2.85 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ स्पेसएक्स दुनिया की पांचवीं सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। स्पेसएक्स का शेयर 220 डॉलर पर कारोबार करता दिखाई दिया। यह कंपनी के 135 डॉलर के आईपीओ मूल्य से करीब 63% अधिक है। इससे पहले कंपनी के शेयरों में 20% से ज्यादा की तेजी आई थी, जिससे निवेशकों का उत्साह और बढ़ गया।

शेयरों में लगातार आई इस तेजी का सबसे बड़ा फायदा कंपनी के प्रमुख इलॉन मस्क को मिला। रिपोर्ट्स के अनुसार, शेयर मूल्य बढ़ने से मस्क की संपत्ति में सिर्फ एक दिन में 164 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। यह रकम प्रसिद्ध निवेशक वॉरेन बफे की कुल नेटवर्थ 148 अरब डॉलर से लगभग 11% अधिक बताई जा रही है, मार्केट वैल्यू के मामले में स्पेसएक्स ने अमेजन को पीछे छोड़ दिया है, जिसका बाजार पूंजीकरण लगभग 2.64 ट्रिलियन डॉलर है। कंपनी कुछ समय के लिए माइक्रोसॉफ्ट से भी आगे निकल गई थी, जिसकी वैल्यू करीब 2.92 ट्रिलियन डॉलर है।

हालांकि बाद में माइक्रोसॉफ्ट फिर से आगे निकल गया। वर्तमान में दुनिया की शीर्ष तीन कंपनियों का बाजार मूल्य 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेसएक्स के शेयरों में बढ़त का एक बड़ा कारण इसके ऑप्शंस ट्रेडिंग की शुरुआत है। इससे निवेशकों को कंपनी के भविष्य के प्रदर्शन पर दांव लगाने का नया अवसर मिला है। हालांकि कुछ बाजार विश्लेषकों ने कंपनी की मौजूदा वैल्यूएशन पर सवाल भी उठाए हैं।

उनका कहना है कि शेयरों में यह तेजी कंपनी की मौजूदा वित्तीय स्थिति से अधिक निवेशकों की उम्मीदों और सट्टा गतिविधियों से प्रेरित नजर आती है। फिलहाल स्पेसएक्स की रिकॉर्ड वैल्यूएशन ने यह साबित कर दिया है कि अंतरिक्ष और एआई सेक्टर में निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, और इलॉन मस्क की कंपनियां बाजार की सबसे चर्चित कंपनियों में बनी हुई हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image