Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर सस्पेंस लगातार बना हुआ है. सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK के प्रमुख विजय गुरुवार को एक बार फिर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलने लोक भवन पहुंचे. चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उनकी यह दूसरी मुलाकात है.
‘स्थिर सरकार चाहते हैं राज्यपाल’
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने विजय से साफ कहा है कि सरकार गठन का दावा तभी स्वीकार किया जा सकता है जब वे 118 विधायकों का समर्थन दिखाएं. राज्यपाल स्थिर सरकार सुनिश्चित करना चाहते हैं. इसलिए सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले 118 विधायक होने जरूरी हैं.
TVK प्रमुख कांग्रेस का समर्थन पत्र भी सौंप चुके
इससे पहले TVK प्रमुख ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा था और सरकार बनाने का दावा पेश किया था. हालांकि, राज्यपाल ने इस मामले में अभी कोई फैसला नहीं किया है. टीवीके ने 108 सीट जीती हैं जिनमें से विजय को उन 2 सीट में से एक से इस्तीफा देना होगा, जिन पर उन्होंने जीत हासिल की है.
द्रमुक नीत गठबंधन के हिस्से के रूप में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने पाला बदलते हुए सरकार बनाने के लिए विजय को समर्थन दे दिया. ऐसा करके कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन टीवीके की प्रभावी संख्या 107 में जोड़ दिया. हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी 118 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए TVK के पास अब भी संख्या कम है.
टीवीके नेता ने शपथ ग्रहण को लेकर कही ये बात
टीवीके नेता वी. एस. बाबू ने शपथ ग्रहण और सरकार गठन के बारे में पूछे गए सवाल पर पत्रकारों से कहा, ‘यह जल्द होगा और देखते हैं कि आगे क्या होता है. उन्होंने केंद्र की ओर से कथित दबाव के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जिन बातों की उन्हें जानकारी नहीं है, उन पर वह टिप्पणी नहीं करेंगे.
DMK और AIDMK में भी चल रही बातचीत
एक ओर जहां TVK की तरफ से लगातार बहुमत का आंकड़ा जुटाने की कोशिश की जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर DMK और AIDMK के बीच भी बातचीत की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे राज्य की राजनीतिक स्थिति और दिलचस्प हो गई है. इसके अलावा तमिलनाडु की राजनीति में अब “होटल पॉलिटिक्स” भी शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि टीवीके और AIADMKदोनों ने अपने विधायकों को पुदुचेरी के होटलों में ठहराया है.
ये भी पढ़ें: ‘पूरा मामला राजनीति से प्रेरित, सच्चाई सामने आएगी’, गिरफ्तारी के बाद महेश जोशी का बड़ा बयान



