Rahul Gandhi Kota Visit: राहुल गांधी बुधवार शाम राजस्थान के कोटा में छात्रों के साथ संवाद करेंगे. कांग्रेस इस कार्यक्रम को प्रश्न पत्र लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत के रूप में पेश कर रही है. हालांकि कार्यक्रम को लेकर राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. कोटा के एक ओपन थिएटर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है. कांग्रेस का दावा है कि करीब 10 हजार छात्र इस संवाद में भाग ले सकते हैं. पार्टी नेताओं के अनुसार राहुल गांधी छात्रों से सीधे बातचीत करेंगे और पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों तथा रोजगार जैसे मुद्दों पर उनके विचार सुनेंगे.
कार्यक्रम की टाइमिंग को लेकर विवाद
21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जाम से ठीक पहले आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं. भाजपा का आरोप है कि परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है. वहीं कांग्रेस का आरोप है कि कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ऑफिस से कोचिंग संस्थानों और गेस्ट हाउस संचालकों को फोन करके कहा गया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके यहां से कोई भी छात्र इस कार्यक्रम में शामिल न हो.
अशोक गहलोत ने लगाए गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रशासन कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर और होर्डिंग हटवा रहा है. गहलोत ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों को प्रशासन का पूरा सहयोग मिलता है, लेकिन कांग्रेस के कार्यक्रम को रोकने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि “छात्रों की आवाज़ पोस्टर हटाने से नहीं दबेगी.’
कांग्रेस नेताओं ने संभाला मोर्चा
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गोविंद डोटासरा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. वहीं राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भी कोटा में आयोजित नुक्कड़ नाटक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर छात्रों को संवाद में शामिल होने का आह्वान किया. डोटासरा ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही तय करने की मांग की.
भाजपा ने बताया ‘राजनीतिक पर्यटन’
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने राहुल गांधी के दौरे को “राजनीतिक पर्यटन” करार दिया. आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने के मामलों पर कार्रवाई करने में विफल रही. उन्होंने कहा ‘कांग्रेस के युवराज राजनीतिक पर्यटन के लिए कोटा आ रहे हैं। जब कांग्रेस के शासनकाल में प्रश्न पत्र लीक हुए थे, तब राहुल गांधी कहां थे?’
युवाओं के मुद्दों पर रहेगा फोकस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह कार्यक्रम राजनीतिक भाषण का मंच नहीं होगा, बल्कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को सुनने तथा उन पर चर्चा करने का अवसर होगा. पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी छात्रों के अनुभव और सुझाव सुनकर शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और रोजगार के मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे. राहुल गांधी का यह संवाद ऐसे समय हो रहा है जब पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर देशभर में बहस जारी है।



