Monday, May 18, 2026
HomeLatest Newsआईपीएल प्लेऑफ की रेस में बड़ा मुकाबला, दिल्ली और केकेआर जीत के...

आईपीएल प्लेऑफ की रेस में बड़ा मुकाबला, दिल्ली और केकेआर जीत के लिए झोंकेंगे पूरी ताकत

दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच शुक्रवार का आईपीएल मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा होगा। दिल्ली को प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए बाकी चारों मैच जीतने होंगे, जबकि केकेआर को पांचों मुकाबले जीतने की जरूरत है। दिल्ली की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों चिंता में हैं। केएल राहुल शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन बाकी बल्लेबाज संघर्ष कर रहे हैं। वहीं केकेआर को भी अपने शीर्षक्रम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

DC vs KKR : नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच किसी ‘करो या मरो’ से कम नहीं है। हालांकि घरेलू मैदान पर खेलने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स को राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है। दिल्ली की सबसे बड़ी परेशानी इस सीजन में पिच और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में रही है। कभी टीम मुश्किल पिचों पर बिखर गई, तो कभी बल्लेबाजों के लिए अनुकूल विकेट पर बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद जीत नहीं बचा सकी। यही वजह है कि 10 मैचों में सिर्फ 8 अंक लेकर टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है।

प्लेऑफ उम्मीद बचाने उतरेगी दिल्ली, केकेआर पर जीत जरूरी

अब प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए दिल्ली को अपने बाकी सभी चार मुकाबले जीतने होंगे। दूसरी ओर, आठवें स्थान पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। केकेआर को भी अंतिम चार में पहुंचने के लिए बाकी पांचों मैच जीतने की चुनौती का सामना करना होगा। ऐसे में इस मुकाबले में पिच की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। दिल्ली टीम मैनेजमेंट ऐसी विकेट चुनने की कोशिश करेगा, जो बल्लेबाजों के लिए मददगार हो और टीम के संघर्ष कर रहे बल्लेबाज खुलकर रन बना सकें। वहीं केकेआर अपने मजबूत स्पिन अटैक के दम पर दिल्ली को दबाव में लाने की रणनीति के साथ उतरेगी।

समझा जाता है कि वरूण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी का सामना करने के लिये दिल्ली बल्लेबाजों की मददगार पिच नंबर छह पर खेल सकती है जिस पर उसने पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बनाये थे लेकिन जीत फिर भी नहीं मिली थी। इस पिच को चुनने की वजह बल्लेबाजों पर भरोसे की कमी है जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ सीम लेती पिच पर छह विकेट नौ रन पर गंवा बैठे थे। धीमी विकेट पर दिल्ली के बल्लेबाज गुजरात टाइटंस के राशिद खान या चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद और अकील हुसैन को नहीं खेल पाये थे। सुनील (इकॉनॉमी रेट 6 . 80) और वरूण ( इकॉनॉमी रेट 8 . 88) के सामने पाथुम निसांका, समीर रिजवी या करूण नायर को मुश्किलें पेश आ सकती है।

दिल्ली को अपने गेंदबाजों से उम्मीद

दिल्ली के लिये कुलदीप यादव का खराब फॉर्म भी चिंता का सबब है जो दस मैचों में दस से ऊपर की इकॉनॉमी रेट से सात ही विकेट ले सके हैं। ऐसे में बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर खेलने के अलावा कोई चारा नहीं रह जाता। इससे खराब फॉर्म से जूझ रहे मेजबान बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिलेगा। बाद में मिचेल स्टार्क और लुंगी एंगिडि से गेंदबाजी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। दूसरी ओर केकेआर का शीर्षक्रम भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका है। कप्तान अजिंक्य रहाणे (131 . 42 की स्ट्राइक रेट से 205 रन) और अंगकृष रघुवंशी (137 . 43 की स्ट्राइक रेट से 268 रन) अच्छी शुरूआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके । रिंकू सिंह (145 . 39 की स्ट्राइक रेट से 245 रन ) पर ही बल्लेबाजी का दारोमदार रहा है।

दिल्ली के लिये केएल राहुल ने आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 180 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 445 रन बनाये हैं लेकिन दूसरी ओर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज 200 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। निसांका पर टीम प्रबंधन का लगातार भरोसा समझ से परे है जो नौ मैचों में 228 रन ही बना सके हैं । करूण नायर और नीतिश राणा फॉर्म में नहीं हैं । गेंदबाजी में मुकेश कुमार, टी नटराजन और अकीब नबी दर महंगे साबित हुए हैं । दिल्ली का कोई भी गेंदबाज दोहरे अंक में विकेट नहीं ले सका और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कप्तान अक्षर पटेल ने की है जिन्होंने 8 . 25 की इकॉनॉमी रेट से नौ विकेट चटकाये हैं।

टीमें : दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी। सार्थक रंजन, सौरभ दुबे। मैच शाम 7 . 30 से शुरू होगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular