Nitin Gadkari Inspect Delhi-Mumbai Expressway: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राजस्थान पहुंचकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का औचक निरीक्षण किया. दिल्ली से अलवर की ओर आते हुए उनका काफिला पिनान रेस्ट एरिया पर रुका, जहां उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उनका स्वागत किया.
एक्सप्रेसवे पर गश्त बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नितिन गडकरी ने अधिकारियों को एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और मजबूत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि NHAI और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए. ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके. साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे पर किसी भी स्थान पर मनमाने ढंग से ट्रकों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे हादसों का खतरा बढ़ता है.’
दिया कुमारी ने कही ये बात
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा का समय कम हुआ है, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिला है. उन्होंने बताया कि सड़क हादसों को कम करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत किया गया है. दुर्घटना होने पर त्वरित सहायता के लिए स्टेट इमरजेंसी सर्विस उपलब्ध कराई जा रही है. वाहनों की गति पर निगरानी के लिए स्पीड मीटर लगाए गए हैं. पूरे एक्सप्रेसवे पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है.
वाहन चालकों से भी की अपील
दीया कुमारी ने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है, विशेषकर हाल के दिनों में बसों में आग लगने जैसी घटनाओं के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और एक्सप्रेसवे पर सावधानी बरतने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.
ये भी पढ़ें: PM मोदी का इंडोनेशिया का 3 दिवसीय दौरा संपन्न, प्रम्बानन मंदिर में किए दर्शन, अब ऑस्ट्रेलिया के लिए हुए रवाना



