Thursday, October 8, 2026
HomeLatest Newsन्यू सांगानेर रोड पर कल JDA का बड़ा एक्शन, व्यापारी कर रहे...

न्यू सांगानेर रोड पर कल JDA का बड़ा एक्शन, व्यापारी कर रहे विरोध प्रदर्शन…टायर जलाकर किया सड़क जाम

जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर JDA की प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान टायर जलाकर कुछ देर सड़क जाम की गई, जिसे पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। JDA जोन-C की ओर से कल फिर कार्रवाई की तैयारी है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब शेष अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

जयपुर। जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर JDA की प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। JDA की ओर से कल न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी है। कार्रवाई से एक दिन पहले आज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने टायर जलाकर सड़क पर विरोध जताया और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से जाम हटाकर यातायात को सुचारू करवाया।

कल फिर कार्रवाई की तैयारी

JDA जोन-C की ओर से कल न्यू सांगानेर रोड पर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले JDA ने 5 अक्टूबर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया गया था। बताया जा रहा है कि करीब 700 मीटर हिस्से से अतिक्रमण हटाया जा चुका है। अब बाकी हिस्से में कार्रवाई की तैयारी है।

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से व्यापारियों को नहीं मिली राहत

मामले को लेकर व्यापारी पहले राजस्थान हाईकोर्ट पहुंचे थे। हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ व्यापारी सुप्रीम कोर्ट भी गए, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अगस्त को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक 100 फीट रोड से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद JDA ने कार्रवाई शुरू की।

124 आपत्तियां अभी लंबित

मामले में JDA और नगर निगम से जुड़ी करीब 124 आपत्तियां अभी लंबित बताई जा रही हैं। इनमें करीब 100 आपत्तियां नगर निगम के क्षेत्राधिकार से संबंधित हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद शेष करीब 1.7 किलोमीटर हिस्से से अतिक्रमण हटाने की तैयारी है।

JDA ने मांगा 4 सप्ताह का समय

JDA ने आपत्तियों के निस्तारण के लिए हाईकोर्ट से चार सप्ताह का समय मांगा है। मामले में राजस्थान हाईकोर्ट में दो सप्ताह बाद फिर सुनवाई होनी है। हालांकि अगली सुनवाई से पहले ही JDA कल न्यू सांगानेर रोड पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसके चलते स्थानीय लोगों और व्यापारियों में विरोध बढ़ गया है। अब सभी की नजर कल होने वाली JDA की कार्रवाई पर है कि प्रशासन किस तरह अतिक्रमण हटाता है और विरोध कर रहे व्यापारियों की प्रतिक्रिया क्या रहती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image