जापान। एशियन गेम्स में भारत के लिए शूटिंग से एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने मंगलवार को महिलाओं के ट्रैप इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही नीरू इस इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
26 वर्षीय नीरू ने फाइनल में 30 में से 28 निशाने टारगेट पर लगाए और पहला स्थान हासिल किया। चीन की सन युनोंग ने 26 अंक के साथ सिल्वर मेडल, जबकि हाजर अब्दुलमलिक ने 21 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नीरू के गोल्ड के साथ एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है। भारत के खाते में अब 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज मेडल हैं। खास बात यह है कि यह मौजूदा एशियन गेम्स में किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत का पहला गोल्ड मेडल है।
विमेंस टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर
महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में भी भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया। नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की टीम ने कुल 328 अंक हासिल किए। चीन ने 346 अंकों के साथ गोल्ड, जबकि कुवैत ने 325 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
शूटिंग में भारत का 14वां मेडल
मौजूदा एशियन गेम्स में शूटिंग भारत के लिए लगातार पदक लेकर आ रही है। नीरू ढांडा के गोल्ड के साथ शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 14 हो गई है। इनमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।



