जयपुर | मेटा ने 18 साल और उससे ज्यादा उम्र के यूजर्स के लिए अपना पर्सनल AI एजेंट ‘म्यूज’ लॉन्च कर दिया है। फिलहाल यह सिर्फ अमेरिका में उपलब्ध है। म्यूज की खासियत यह है कि यह सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला चैटबॉट नहीं, बल्कि यूजर की ओर से कई डिजिटल काम भी कर सकता है।म्यूज शेड्यूल बनाने, ईमेल भेजने, ऑनलाइन शॉपिंग और ट्रैवल बुकिंग जैसे कामों में मदद कर सकता है। वहीं, लंबे समय के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए यह एक्शन प्लान भी तैयार कर सकता है। जैसे पूरे साल का एक्सरसाइज प्लान बनाना या नया बिजनेस शुरू करने के लिए जरूरी कदम तय करना।
यूजर्स म्यूज से उसके अलग ऐप या WhatsApp के जरिए बातचीत कर सकते हैं। हालांकि, संवेदनशील कामों जैसे ईमेल भेजने या ऑनलाइन खरीदारी से पहले यूजर की मंजूरी ली जा सकती है।मेटा के मुताबिक, म्यूज को सुरक्षित वर्चुअल मशीन पर चलाया जाता है और यूजर के पासवर्ड व पेमेंट डिटेल्स उसे दिखाई नहीं देते। इसके साथ ‘सेंटिनल’ नाम का एक अलग सुरक्षा एजेंट भी काम करता है, जो इंटरनेट पर किसी कार्रवाई से पहले उसे मंजूरी देता है।
मेटा का यह AI एजेंट CEO मार्क जुकरबर्ग के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें वे पर्सनल AI एजेंट को हर व्यक्ति तक पहुंचाना चाहते हैं। जुकरबर्ग के मुताबिक, भविष्य में ऐसे AI एजेंट लोगों के करियर, पैसे, घर के काम, पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों में 24 घंटे मदद कर सकेंगे।



