पाली। राजस्थान के पाली शहर में रविवार रात एक ग्वार-गम फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के फोर्थ फेज स्थित सारड़ा बायो पॉलिमर्स फैक्ट्री में रात करीब 11:30 बजे आग लगी। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका है। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
आग इतनी भीषण थी कि जान बचाने के लिए तीन मजदूर जलते कपड़ों के साथ ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर निकले और सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। विक्की (19), अवधेश कुमार (40) और राजू (28) करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए। उन्हें पहले पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से जोधपुर रेफर कर दिया गया।
लिफ्ट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट में 17 मजदूर काम कर रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काम वाले हिस्से की लिफ्ट में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। 12 मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो मजदूर अंदर फंस गए। आग बुझाने के लिए पाली के अलावा सोजत, रानी, फालना और सुमेरपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब आठ दमकल गाड़ियों ने 55 राउंड लगाकर लगभग साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह चार बजे आग पर काबू पाया। इसके बाद फैक्ट्री में मलबा हटाकर लापता मजदूरों की तलाश शुरू की गई।
गैस सिलेंडरों तक आग पहुंचती तो हो सकता था बड़ा हादसा
फैक्ट्री परिसर में गैस के बड़े सिलेंडर भी रखे हुए थे। राहत की बात रही कि आग इन सिलेंडरों तक नहीं पहुंची। हादसे में फैक्ट्री के अंदर खड़ा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जल गया। घटना की सूचना मिलने पर पाली एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत, सीओ सिटी मंगलेश चुण्डावत और औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान जेसीबी से फैक्ट्री की दीवार भी तोड़ी गई, जिससे वहां लगा फायर फाइटिंग सिस्टम का पाइप टूट गया। फैक्ट्री में सिस्टम लगा होने के बावजूद शुरुआती अफरा-तफरी के बीच मजदूर उसका इस्तेमाल नहीं कर पाए।
स्थानीय लोगों ने अपनी कार से पहुंचाया अस्पताल
हादसे के दौरान स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद की। गुरु नगर निवासी रवि और महेंद्र ने बताया कि वे डेकोरेशन का काम करते हैं। फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देख वे मौके पर पहुंचे। वहां झुलसे हुए मजदूर मिले तो उन्होंने एम्बुलेंस को फोन किया और बाद में अपनी कार से घायलों को बांगड़ अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, वार्ड-54 के पार्षद प्रतिनिधि गोपाल पंवार ने बताया कि वे पास के गरबा पांडाल में मौजूद थे। फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, जहां दो युवक बुरी तरह झुलसी हालत में सड़क पर पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने दमकल विभाग को भी सूचना दी और दमकल के देरी से पहुंचने की बात कही।



