भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में विस्फोटक से भरी एक गाड़ी में जोरदार धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगूचा कस्बे की है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में गाड़ी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बूंदी निवासी रामावतार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विस्फोटक से भरी गाड़ी आगूचा कस्बे में रामदेव खटीक के नोहरे में खड़ी थी। इसी दौरान अचानक गाड़ी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल की ओर दौड़े। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास स्थित मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गुलाबपुरा थाना अधिकारी संजय गुर्जर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गाड़ी में किस तरह का विस्फोटक मौजूद था और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। गाड़ी वहां क्यों खड़ी थी और विस्फोट का वास्तविक कारण क्या रहा, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। हादसे के बाद आगूचा कस्बे में दहशत का माहौल है।



