Mamata Banerjee On Bengal Elections: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दूसरे चरण के मतदान के बीच केंद्रीय बलों और चुनाव पर्यवेक्षकों पर भाजपा के इशारे पर काम करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, ‘कई पर्यवेक्षक बाहर से आए हैं और वह BJP के निर्देशों पर काम कर रहे हैं. लोगों को मतदान करना है, लेकिन क्या इस तरह के माहौल में निष्पक्ष मतदान हो सकता है?’ इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के सभी पार्टी झंडे पहले ही हटा दिए गए और बाहरी लोग मतदान प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं.
कार्यकर्ताओं को पकड़ने का लगाया आरोप
ममता बनर्जी ने कहा-‘वे वार्ड नंबर 70 के पार्षद को बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं. वे हमारे सभी कार्यकर्ताओं को पकड़ रहे हैं. अभिषेक और मैं पूरी रात जागते रहे. उन्होंने ने दावा किया कि राज्य के बाहर से कुछ लोग निर्वाचन क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की. हालांकि, भाजपा ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी जनता के गुस्से को भांपकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है.
#WATCH कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा, "देखिए हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। ज़रा इस ज़ुल्म को देखिए। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। यह लोकतंत्र का… pic.twitter.com/lQpP1KKjHW
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 29, 2026
अभिषेक बनर्जी ने किया पहले से ज्यादा सीटें जीतने का दावा
तृणमूल में दूसरे नंबर के नेता माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल 2021 की तुलना में अधिक सीटें जीतकर सत्ता में लौटेगी. डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा इंस्टीट्यूशन में मतदान करने के बाद विभिन्न स्थानों पर चुनाव पर्यवेक्षकों द्वारा मनमानी करने का आरोप लगाया. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘लेकिन इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, हम इस चुनाव में पहले से ज्यादा सीटें जीतेंगे.’
ममता बनर्जी की होगी हार: सुवेंदु अधिकारी
वहीं, सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि “वोटिंग अच्छी हो रही है. चुनाव आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्थाएं की हैं. जनता जाग चुकी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी यह चुनाव हार जाएंगी.
कोलकाता, पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "वोटिंग अच्छी हो रही है। अभी तक 25% मतदान हो गया है। जनता जाग चुकी है। ये जाने वाले हैं…" pic.twitter.com/YsSkWeLCig
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 29, 2026
दूसरे चरण में 142 सीटों पर हो रहा मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है. मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं. इस चरण का परिणाम महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है क्योंकि इसमें दक्षिण बंगाल शामिल है, जिसे तृणमूल का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जहां भाजपा पैठ बनाने की कोशिश कर रही है. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत था. मतगणना 4 मई को होगी.



