Rajasthan Anganwadi Nutrition Dispute : जयपुर। राजस्थान की सियासत में आंगनबाड़ी पोषाहार को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने बुधवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब उसके अपने ही विधायक सरकारी दावों की सच्चाई उजागर कर रहे हैं। गहलोत ने एक भाजपा विधायक की उस टिप्पणी का हवाला दिया, जिसमें आंगनबाड़ी के पोषाहार की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राजस्थान की भाजपा सरकार में आखिर चल क्या रहा है? जब सत्ताधारी दल के विधायक ही सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं, तो स्थिति की गंभीरता समझी जा सकती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी हकीकत से दूर है और योजनाओं के नाम पर सिर्फ दावे किए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता कुछ और ही है। गहलोत ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भाजपा विधायक खोल रहे है पोल : गहलोत
गहलोत के अनुसार, उदयपुर की समीक्षा बैठक में गोगुंदा से भाजपा विधायक प्रताप गमेती का यह कथन बेहद विचलित करने वाला है कि ‘आंगनबाड़ी के पोषाहार को जानवर भी नहीं खाते।’ विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ ऐसा खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पूर्व मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, एक तरफ योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी देरी और दूसरी तरफ मासूमों के निवाले में भ्रष्टाचार? उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सामने अपनों ने ही आईना दिखा दिया है। भाजपा सरकार विज्ञापनों और बैठकों से आगे बढ़कर इन गरीब बच्चों की सुध कब लेगी?
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, क्या इस भ्रष्टाचार की कभी जांच होगी या आदिवासियों के हक पर ऐसे ही भ्रष्टाचार चलता रहेगा। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सच अपने आप सामने आ ही जाता है, जबकि झूठ को सोच-समझकर गढ़ना पड़ता है। भाजपा विधायक प्रताप गमेती ने सही कहा कि आंगनबाड़ी का पोषण आहार घर जाकर फेंका जा रहा है और उसे जानवर तक नहीं खाते, क्योंकि इसमें भाजपा राज के भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
जूली के अनुसार जब भाजपा के विधायक स्वयं संभाग स्तरीय बैठक में उपमुख्यमंत्री के सामने यह कहने को मजबूर हो जाएं कि आंगनबाड़ी का पोषण आहार फेंका जा रहा है और उसे जानवर भी नहीं खाते, तो यह साफ है कि प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि अव्यवस्था का तमाशा चल रहा है। जूली के अनुसार, राज्य में ‘फेल डबल इंजन’ सरकार में इससे ज्यादा शर्मनाक और विफलता का उदाहरण क्या हो सकता है? सरकार “पोषण” और “विकास” के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पोषण आहार की गुणवत्ता इतनी बदहाल है कि अब उसके अपने ही जनप्रतिनिधि इसकी पोल खोल रहे हैं।



